South East Central Railway News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला हैंडबॉल टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए 18वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया.
18 से 21 फरवरी 2026 तक वाराणसी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया.
रोमांचक फाइनल मुकाबला
फाइनल मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. मुकाबला अंत तक बेहद रोमांचक बना रहा. निर्णायक क्षणों में बेहतर रणनीति और मजबूत मानसिक संतुलन का परिचय देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 32-29 के अंतर से जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. इससे पहले सेमीफाइनल में टीम ने उत्तर पूर्व रेलवे को 28-26 के करीबी स्कोर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
लगातार प्रयासों का ऐतिहासिक परिणाम
यह उपलब्धि रेलवे प्रबंधन की खेलों के प्रति दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है. वर्ष 2021 से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने, नई नियुक्तियां करने और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल का असर अब स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया है.
गौरतलब है कि टीम पिछले चार वर्षों से ऑल इंडिया स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही थी. पिछले चार संस्करणों में लगातार कांस्य पदक जीतने के बाद इस वर्ष टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर ‘चैंपियन' का ताज अपने नाम किया.
अधिकारियों ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, अध्यक्ष/सेक्रसा मनीष अग्रवाल, महासचिव/सेक्रसा हेमेन्द्र कुमार, संयुक्त महासचिव/सेक्रसा समीर कान्त माथुर तथा संरक्षक अधिकारी/सेक्रसा तन्मय महेश्वरी सहित सेक्रसा परिवार ने टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
महिला सशक्तिकरण की मिसाल
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह जीत न केवल संगठन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि महिला खिलाड़ियों के सशक्तिकरण और खेल भावना के प्रति समर्पण का भी प्रेरक उदाहरण है. यह ऐतिहासिक सफलता आने वाले वर्षों में नई पीढ़ी की खिलाड़ियों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी.