विज्ञापन

पुल‍िसकर्मी ही बेच रहा हेरोइन! कांस्‍टेबल हिमांशु बर्मन पकड़ा गया,क्या पूछताछ में सामने आएंगे और नाम?

रायपुर में एक पुलिस आरक्षक को प्रतिबंधित हेरोइन बेचने की कोशिश करते गिरफ्तार किया गया है. मामले में पूछताछ जारी है और सप्लाई चेन की जांच की जा रही है. घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

पुल‍िसकर्मी ही बेच रहा हेरोइन! कांस्‍टेबल हिमांशु बर्मन पकड़ा गया,क्या पूछताछ में सामने आएंगे और नाम?

Constable Himanshu Burman: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस एक बार फिर से सवालों के घेरे में है. पुलिस के सिपाही को प्रतिबंधित हीरोइन बेचने की फिराक में घूमते हुए पकड़ा गया है. एक तरफ पुलिस सूखे नशे की अवैध कारोबार पर प्रहार कर रही है. दूसरी ओर पुलिस के ही सिपाही इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं. प्रतिबंधित सूखा नशा हेरोइन चिट्टा बेचने के आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

संदीप पटेल उपायुक्त रायपुर कमिश्नरेट पश्चिम ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि पुलिस आरक्षक हिमांशु बर्मन प्रतिबंधित हेरोइन चिट्टा लेकर उसे बेचने की फिराक में घूम रहा है. पुलिस ने उसे हेरोइन के साथ पकड़ा है. आरोपी आरक्षक को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.

नशे के खिलाफ पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई रायपुर में कर रही है. एक महीने के भीतर ही दर्जन भर से अधिक मामलों में 15 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. लाखों रुपए की कीमती नशे की सामग्री बरामद की गई है. लेकिन 11 फरवरी को हेरोइन बेचने की कोशिश में आरक्षक के पकड़े जाने के बाद अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस महकमे के और लोग भी इस अवैध गतिविधि में शामिल हैं? 

Constable Himanshu Burman Raipur police

Constable Himanshu Burman Raipur police

उपायुक्त संदीप पटेल कहते हैं कि निश्चित तौर पर हम इस मामले में जो भी शामिल होगा उसे गिरफ्तार करेंगे. कोई भी हो. आरक्षक को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. अगर उसकी भूमिका पाई जाती है तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. हम इस पूरे सप्लाई चेन में जो भी शामिल होगा उस पर कड़ी कार्रवाई करेंगे.

हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब छत्तीसगढ़ पुलिस की वर्दी पर पुलिसकर्मियों की वजह से दाग लगे हैं. अक्टूबर 2025 में रायपुर क्राइम ब्रांच के 6 पुलिसकर्मियों पर आरोप लगे कि दुर्ग के कारोबारी की कार से 2 लाख रुपए चुरा लिए. जांच के बाद मामले में एक आरक्षक को निलंबित कर दिया गया था.

गोपनीय जानकारी लीक करने के हाल ही में निलंबित की गई चर्चित महिला डीएसपी कल्पना वर्मा पर भी रायपुर में पदस्थ रहते हुए कारोबारी के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है. ऐसे में बड़ा सवाल उठ रहा है कि इसे रोकने पुलिस अफसर अब क्या कदम उठाएंगे?

अमित तुकाराम कांबले, ACP, रायपुर पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है. अपराध कोई भी करेगा वह नहीं बचेगा. यह सख्त संदेश है.
 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close