विज्ञापन

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से उम्‍मीदें: किसानों को MSP ₹5000, महिलाओं को ₹500 में गैस सिलेंडर की आस, SCR-बस्तर का भी हो व‍िकास

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ बजट 24 फरवरी को पेश होगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे. किसानों को धान का समर्थन मूल्य बढ़ने की उम्मीद है. महिलाएं ₹500 गैस सिलेंडर की घोषणा चाहती हैं. व्यापारियों ने कर सुधार की मांग रखी है. SCR विकास, जल बोर्ड गठन और बस्तर पर्यटन पर भी लोगों की नजरें टिकी हैं.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से उम्‍मीदें: किसानों को MSP ₹5000, महिलाओं को ₹500 में गैस सिलेंडर की आस, SCR-बस्तर का भी हो व‍िकास

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ का बजट 24 फरवरी को पेश होगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे. यह विष्णु देव साय सरकार के कार्यकाल का तीसरा और नई व‍िधानसभा का पहला बजट है. इससे छत्तीसगढ़ के लोगों को ढेरों उम्मीदें हैं. हर कोई चाहता है कि बजट 2026 में उनके लिए बड़ी घोषणाएं हों.

छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 से पहले NDTV टीम ने किसानों, महिलाओं और युवाओं का मन टटोला तो हर कोई विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार से बजट में इस बार भी आस लगाए दिखा. वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कह चुके हैं कि पिछले दो बजट की तरह उनका तीसरा बजट भी छत्तीसगढ़ के हित में होगा. इस बार भी समावेशी बजट पेश किया जाएगा.  

Chhattisgarh Budget 2026 Highlights Big Announcements Expectations

Chhattisgarh Budget 2026 Highlights Big Announcements Expectations

बजट को लेकर मुख्‍यमंत्री व‍िष्‍णु देव साय ने कहा क‍ि नवीन विधानसभा भवन में नवयुग का बजट होगा. 24 फरवरी 2026 का सूरज छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य का साक्षी बनेगा. हर क्षेत्र की प्रगति और हर वर्ग के विकास को नई गति देने वाला यह बजट, विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से किसानों को उम्मीद: धान का MSP बढ़ाया जाए

छत्तीसगढ़ के किसान चाहते हैं कि बजट 2026 में सरकार उनके लिए बड़ी घोषणाएं करें. किसानों को धान का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने की आस है. साथ ही किसान चाहते हैं कि ओडिशा की तरह छत्तीसगढ़ सरकार रबी और खरीफ दोनों धान की फसलों की एमएसपी पर खरीद करें. किसानों को खाद-बीज उचित दाम में मिले. उम्मीद है कि सरकार बजट में धान खरीदी सिस्टम को बेहतर करने के साथ-साथ धान का समर्थन मूल्य 5000 रुपये करेगी.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से महिलाओं को उम्मीद: सस्ता हो गैस सिलेंडर

प्रदेश की आधी आबादी को भी विष्णु देव साय सरकार से पूरी उम्मीद है कि वे उनके लिए विशेष घोषणाएं करेंगे. महिलाएं चाहती हैं कि सरकार अपने चुनावी वादे के अनुरूप गैस सिलेंडर ₹500 में देने की घोषणा करें.

धमतरी महिलाओं ने बातचीत में कहा कि जो भी बजट पेश किया जाएगा, वह महिलाओं के हित में होना चाहिए. जो महिलाएं अपने घर को संभालती हैं, उनके लिए राशन सामग्री की बढ़ी हुई कीमतों पर राहत दी जाए. गैस सिलेंडर के दामों में कमी हो. बिजली बिल काफी ज्यादा आ रहा है, उस पर भी विचार किया जाए. 

छत्तीसगढ़ बजट को लेकर महिलाओं का यह भी कहना है कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था हो. जहां स्कूली बच्चियां पढ़ती हैं, वहां बेहतर हॉस्टल सुविधा और सुरक्षा हो. कानून-व्यवस्था मजबूत हो, ताकि महिलाएं अपने शहर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षित महसूस कर सकें.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से व्यापारियों को उम्मीद: कर व्यवस्था में सुधार

छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार द्वारा बजट पेश किए जाने से पहले व्यापारिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. बाजारों में कहीं नाराजगी तो कहीं उम्मीद का माहौल दिख रहा है. कर व्यवस्था, महंगाई और व्यापारिक प्रोत्साहन को लेकर व्यापारी वर्ग अपनी चिंताएं जता रहा है.

रायगढ़ के व्यापारियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ बजट 2026 बाजार को गति देने वाला होना चाहिए. उनका मानना है कि छोटे और मध्यम व्यापारियों को टैक्स में राहत, सरल नीतियां और वित्तीय सहायता की जरूरत है ताकि कारोबारी गतिविधियां मजबूत हो सकें.

व्यापारिक संगठनों ने सरकार से संतुलित और विकासोन्मुख बजट पेश करने की मांग की है. उनका कहना है कि बजट के फैसले आने वाले समय में बाजार की दिशा और व्यापारिक माहौल पर बड़ा असर डालेंगे.  

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट में इस बार किन सेक्टरों पर रहेगा फोकस? 

Latest and Breaking News on NDTV

छत्तीसगढ़ बजट 2026 में रायपुर को उम्मीद: SCR का व‍िकास NCR की तर्ज पर 

छत्तीसगढ़ बजट 2026 में SCR (स्टेट कैपिटल रीजन रायपुर) के लिए विशेष घोषणाओं की उम्मीद है. पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू होने के बाद राजधानी क्षेत्र के समग्र विकास को और गति मिल सकती है. ऐसे में बजट 2026 में राजधानी क्षेत्र के विकास पर खास नजर है.

राज्य सरकार National Capital Region की तर्ज पर स्टेट कैपिटल रीजन रायपुर (SCR) को तेजी से विकसित करने की योजना पर काम कर रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि बजट में SCR के लिए विशेष प्रावधान और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने संबंधी घोषणाएं हो सकती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बजट में SCR को लेकर स्पष्ट रोडमैप और वित्तीय प्रावधान किए जाते हैं, तो इससे निवेश, रोजगार और शहरी विकास को नई गति मिल सकती है.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 में जल बोर्ड गठन की उम्मीद

छत्तीसगढ़ में बढ़ते जल संकट के बीच बजट 2026 में जल बोर्ड गठन की उम्मीद जताई जा रही है. सरकार पहले से जल संरचनाओं के निर्माण और सामुदायिक भागीदारी पर जोर दे रही है, जिससे जल सुरक्षा को मजबूत किया जा सके.

छत्तीसगढ़ में तेजी से हो रहे औद्योगीकरण और शहरीकरण के साथ गिरते भूजल स्तर ने जल संकट को गंभीर बना दिया है. खासकर Mahanadi Basin के सूखा-प्रभावित इलाकों में पानी की समस्या गहराती जा रही है. ऐसे में छत्तीसगढ़ बजट 2026 में जल प्रबंधन को लेकर बड़े फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से बस्तर को उम्मीद: पर्यटन को मिले नई रफ्तार

छत्तीसगढ़ बजट 2026 में बस्तर के पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर घोषणाओं की उम्मीद है. इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा मिल सकता है. कभी नक्सल प्रभावित जिलों में से एक रहा बस्तर प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपातों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति के लिए जाना जाता है.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 में बस्‍तर के प्रमुख स्थलों जैसे चित्रकोट जलप्रपात और तीरथगढ़ जलप्रपात को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास तेज हो सकते हैं.

24 फरवरी को बस्तर को उम्मीद है कि बजट में सड़क कनेक्टिविटी, पर्यटन सुविधाओं, ईको-टूरिज्म प्रोजेक्ट और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार आधारित योजनाओं पर फोकस किया जाए. विशेषज्ञों का भी मानना है कि यदि सुनियोजित निवेश होता है तो बस्तर राज्य का प्रमुख पर्यटन हब बन सकता है. 


 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close