विज्ञापन

पत्नी के जाने पर पड़ोसी से बदला लेने पहुंचा पति, बीच-बचाव करने आया ग्रामीण मारा गया, एक घायल 

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पत्नी के छोड़ जाने से नाराज शराबी पति ने पड़ोसी पर शक के चलते कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में बीच-बचाव करने आए ग्रामीण की मौत हो गई. घंटों की मशक्कत और हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पत्नी के जाने पर पड़ोसी से बदला लेने पहुंचा पति, बीच-बचाव करने आया ग्रामीण मारा गया, एक घायल 

गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्रा में शक और सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक ने पड़ोसी पर शक करते हुए कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में बीच-बचाव करने आए ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी एक मकान में जा छिपा और कई घंटों तक पुलिस के लिए चुनौती बना रहा.

जानकारी के मुताबिक, पेंड्रा निवासी आरोपी हीरालाल कथित तौर पर शराब पीने का आदी है. पुलिस पूछताछ में सामने आई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी शराब की लत से परेशान होकर उसकी पत्नी बच्ची को लेकर उसे छोड़कर चली गई थी. पत्नी के जाने के बाद हीरालाल को अपने पड़ोसी नरेंद्र पर संदेह होने लगा कि उसने ही उसकी पत्नी को भड़काया है.

पड़ोसी को छोड़कर ग्रामीण पर किया हमला  

इसी शक में आरोपी कुल्हाड़ी लेकर नरेंद्र के घर पहुंच गया और उस पर हमला करने की कोशिश की. इस दौरान नरेंद्र को बचाने के लिए पड़ोस में रहने वाला खोरबहारा बीच-बचाव करने पहुंचा. आरोप है कि हीरालाल ने नरेंद्र को छोड़कर खोरबहारा पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हमले में नरेंद्र भी घायल हुआ, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

NEET की तैयारी से सट्टेबाजी तक, 18 साल पहले आई फिल्म देखकर बने बुकी, 30 लाख का सोना और 2.96 CR कैश बरामद

मकान में छिपा आरोपी, पुलिस पर गुलेल और पत्थरों से किया हमला

वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. आरोपी पास के एक मकान में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर बैठा. ग्रामीणों की सूचना पर मैनपुर और शोभा थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने छत की खपरैल हटाकर उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी गुलेल, लकड़ी, पत्थरों और कुल्हाड़ी से पुलिस व पत्रकारों पर हमला करने लगा.

ट्विशा शर्मा के पैसे चीन के बाजार में डालना चाहता था पति समर्थ, चार्जशीट से निकला नया एंगल

पुलसि ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी हीरालाल को काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की कानूनी जांच में जुटी है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close