Ambedkar Jayanti Controversy: डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भिलाई और रायपुर में माहौल गरमा गया. सोशल मीडिया पर डाली गई एक रील के बाद अंबेडकर अनुयायियों और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी देखी गई. विरोध प्रदर्शन तेज हुए, जिससे पुलिस पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
क्या है पूरा मामला?
भिलाई के वैशाली नगर में रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने इंस्टाग्राम पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ एक रील पोस्ट की थी. वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर नाराजगी फैल गई और अंबेडकरवादियों तथा उनके अनुयायियों ने कड़ा विरोध जताया.
रील के विरोध में सैकड़ों की संख्या में लोग भिलाई नगर थाने पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि युवती के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जाए. उनका कहना था कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बढ़ते तनाव को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, युवती पर पहले भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और समाज-विरोधी भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगे हैं. मामले की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रायपुर में भी उबाल
इस मामले का असर रायपुर में भी देखने को मिला. डॉ. भीमराव अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी से आहत भारतीय बौद्ध महासभा के सदस्यों ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर विरोध दर्ज कराया. उन्होंने वीडियो पोस्ट करने वाली युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने सिविल लाइन थाना परिसर में जमकर नारेबाजी की. उनकी मांग थी कि युवती पर देशद्रोह सहित कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया जाए. पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल और कठोर कार्रवाई की अपील की गई.
संगठनों का कहना
भारतीय बौद्ध महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भोजराज गोरखेड़े ने कहा कि डॉ. अंबेडकर पर अपमानजनक टिप्पणी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है. ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे.