विज्ञापन

शिवपुरी में आजाद समाजवादी पार्टी की संकल्प यात्रा, 15 मार्च को ग्वालियर हाईकोर्ट घेराव का ऐलान

आजाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सदस्य दामोदर यादव ने शिवपुरी में संकल्प यात्रा के दौरान 15 मार्च 2026 को ग्वालियर उच्च न्यायालय के घेराव और अंबेडकर प्रतिमा स्थापना का ऐलान किया. जनसभा में उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा पर भी तीखी टिप्पणी की.

शिवपुरी में आजाद समाजवादी पार्टी की संकल्प यात्रा, 15 मार्च को ग्वालियर हाईकोर्ट घेराव का ऐलान

आजाद समाजवादी पार्टी के कोर कमेटी के राष्ट्रीय सदस्य दामोदर यादव अपनी पार्टी की ‘संकल्प यात्रा' लेकर शिवपुरी पहुंचे. उन्होंने बदरवास और कोलारस तहसील सहित जिला मुख्यालय पर जनसभाओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने 15 मार्च 2026 को कांशीराम जयंती के अवसर पर ग्वालियर उच्च न्यायालय के घेराव का ऐलान किया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की बात कही.

अंबेडकर प्रतिमा स्थापना का संकल्प

दामोदर यादव ने कहा कि 15 मार्च को वे हाईकोर्ट परिसर में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे. उन्होंने बताया कि पार्टी की संकल्प यात्रा 10 मार्च तक चलेगी. इसके बाद 11 मार्च से कार्यकर्ता दतिया जिला मुख्यालय पर एकत्र होना शुरू करेंगे और 15 मार्च को ग्वालियर पहुंचेंगे.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की अपील की. यादव का कहना था कि प्रतिमा स्थापना उनका संवैधानिक अधिकार है. गौरतलब है कि ग्वालियर में हाईकोर्ट परिसर में अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है.

कथा वाचकों पर निशाना

जनसभा में दामोदर यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधते हुए ‘हिंदू राष्ट्र' के मुद्दे पर टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ‘संविधान राष्ट्र' की बात करती है. यादव ने कुछ धार्मिक आयोजनों और चमत्कार संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज को लेकर किए जा रहे दावों की सत्यता पर जनता को विचार करना चाहिए.

प्रदीप मिश्रा पर भी टिप्पणी

यादव ने प्रदीप मिश्रा पर भी टिप्पणी की. उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजनों के नाम पर चमत्कार और विशेष अनुष्ठानों से परीक्षा में सफलता या बीमारियों के इलाज के दावे किए जाते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों में जनता से मिलने वाले दान के उपयोग को लेकर पारदर्शिता जरूरी है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close