Wedding Accident MP: शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात में नाच रहे लोगों को पीछे से आए एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 25 अन्य बाराती घायल हो गए. हादसा खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र के ग्राम गुर्जर मोहन में हुआ, जिसने पूरे गांव को हिला कर रख दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ग्राम गुर्जर मोहन में बारात अपने गंतव्य की ओर जा रही थी. बारात वाहन के पीछे करीब 26 लोग सड़क पर नाचते हुए चल रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक पिकअप वाहन ने नियंत्रण खो दिया और नाच रहे बारातियों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
एक महिला की मौत, कई घायल
इस दुर्घटना में सभी 26 बाराती घायल हुए. इनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही थी, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई. वहीं 15 घायलों का उपचार महेश्वर अस्पताल और 4 घायलों का इलाज मंडलेश्वर अस्पताल में जारी है. घायलों में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं.
गांव में मचा कोहराम
हादसे की खबर फैलते ही ग्राम गुर्जर मोहन और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस और निजी वाहनों से मंडलेश्वर और महेश्वर के अस्पतालों तक पहुंचाया गया. महेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 6 डॉक्टरों की टीम ने मोर्चा संभाला और सभी घायलों का तत्काल इलाज शुरू किया. अस्पताल में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. डॉक्टरों ने गंभीर घायलों पर विशेष ध्यान दिया.
जनप्रतिनिधि और प्रशासन मौके पर पहुंचा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही विधायक राजकुमार मेव, महेश्वर मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना. उन्होंने बीएमओ डॉक्टर अतुल गौड़ को इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए. इसके अलावा एसडीएम पूर्व मंडलोई, तहसीलदार कैलाश सत्तिया और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
बारातियों ने बताई आपबीती
घायलों ने बताया कि वे बारात वाहन के पीछे नाचते हुए जा रहे थे, तभी अचानक पीछे से एक तेज रफ्तार वाहन आया और टक्कर मार दी. किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. अचानक हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं.