MP में मह‍िला पार्षद पर हमला, पर‍िवार के 5 अन्‍य लोग भी घायल, दो के स‍िर फटे, देखें VIDEO

एमपी के रीवा में वार्ड 30 में गरीबी रेखा सूची और राशन कार्ड विवाद के चलते महिला पार्षद रुकसाना अंसारी और उनके परिवार पर हमला हुआ. हमले में कुल छह लोग घायल हुए, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्‍य प्रदेश के रीवा कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकान टोला वार्ड 30 में नगर निगम से जुड़ी पुरानी रंजिश शुक्रवार शाम हिंसक रूप ले लिया. यह विवाद गरीबी रेखा सूची और राशन कार्ड को लेकर चल रहा था. हमले में वार्ड 30 से महिला पार्षद रुकसाना अंसारी सहित कुल छह लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. महिला पार्षद के साथ मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

विवाद कैसे शुरू हुआ?

वार्ड पार्षद के पति गुल मुहम्मद अंसारी ने बताया कि उनके किरायेदार समीर अंसारी और आतिफ अंसारी आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान आलेकान और उसका साथी वहां से गुजर रहे थे. थोड़ी देर बाद वे वापस लौटे और आरोप लगाने लगे कि दोनों ने उन पर टिप्पणी की है, जबकि वे आपस में ही बातचीत कर रहे थे.

Advertisement

बातचीत धीरे-धीरे गर्मागर्म बहस में बदल गई. देखते ही देखते लाठी-डंडे निकल आए और जमकर मारपीट हुई. घटना को रोकने के लिए वार्ड पार्षद रुकसाना अंसारी मौके पर पहुंचीं और मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पाले खान, अनवरूल हक, अनस अंसारी, रहबर अंसारी और रहीस अंसारी ने उन पर अचानक हमला कर दिया. 

हमले में हुए नुकसान

आरोप है कि हमलावरों ने वार्ड पार्षद और अन्य मौजूद लोगों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की. पुरुषों के साथ महिलाओं को भी नहीं छोड़ा गया. हमले में अहमद और समीर अंसारी के सिर फट गए, जबकि पार्षद रुकसाना अंसारी को भी चोटें आई.

गुल मुहम्मद अंसारी का आरोप है कि हमलावर परिवार के पास शहर में तीन कीमती दुकानें और दो प्लॉट हैं, इसके बावजूद उनका नाम गरीबी रेखा सूची में दर्ज था. शिकायत के बाद उनका नाम सूची से हटा दिया गया था. इसी वजह से कथित रूप से हमलावरों ने पार्षद से रंजिश पाल रखी थी और हमला किया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल एक पक्ष की ओर से मुकदमा पंजीबद्ध किया गया है और दूसरा पक्ष भी थाने पहुंचा है. पुलिस दोनों पक्षों की बात सुन रही है. एडिशनल एसपी आरती सिंह ने कहा, “हमने मामला पंजीबद्ध कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज और तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. उसके बाद ही उचित कार्यवाही की जाएगी.

Advertisement