केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपने जन्मदिन पर पौधारोपण किया और कहा कि पेड़ सिर्फ लकड़ी का ढांचा नहीं, बल्कि करोड़ों जीवों का घर और हमारी ऑक्सीजन की फैक्ट्री भी हैं. उन्होंने कहा, "धरती का तापमान कम करना है, तो हर हाल में पेड़ लगाना है."
गरीब और प्रतिभाशाली बच्चों के लिए 'मामा कोचिंग'
शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा संसदीय क्षेत्र के गरीब और मेधावी बच्चों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की. उन्होंने कहा कि मामा कोचिंग क्लासेस शुरू की जाएंगी, ताकि पैसे की कमी किसी बच्चे के भविष्य की बाधा न बने. विदिशा, रायसेन और भैरुंदा में मुफ्त और बेहतरीन कोचिंग दी जाएगी ताकि गरीब बच्चे भी अफसर बन सकें. इसके साथ ही, माता-पिता की स्मृति में मेधावी बच्चों के लिए प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान का शुभारंभ किया जाएगा. टॉपर्स को सम्मान राशि प्रदान की जाएगी.
दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं
शिवराज सिंह चौहान ने दिव्यांगजनों के लिए भी बेहतर सुविधाओं का वादा किया. अब हाथों से साइकिल चलाने की कठिनाई नहीं होगी. बैटरी वाली मोटराइज्ड साइकिल से दिव्यांग भाई-बहन न केवल चल पाएंगे बल्कि रोजगार के अवसर भी पा सकेंगे.
'मामा चलित अस्पताल' से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि विदिशा की आठों विधानसभाओं के गांव-गांव और मजरे-टोलों तक 'मामा चलित अस्पताल' दौड़ेगा. आधुनिक जांच और डॉक्टरों की टीम के साथ हर गरीब का निशुल्क इलाज अब उसके द्वार पर होगा.
उन्होंने बताया कि सभी आठों विधानसभाओं में आठ मोबाइल क्लीनिक प्रारंभ किए जाएंगे. इन क्लीनिकों में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहेंगी. प्रारंभिक जांच जैसे ईसीजी, रक्त परीक्षण आदि वहां आसानी से हो सकेंगे. प्रत्येक क्लिनिक में डॉक्टर, कंपाउंडर और जरूरी मेडिकल स्टाफ उपस्थित रहेगा.
दूरदराज के इलाकों में यह मोबाइल क्लिनिक 5 से 10 गांवों के लोगों को सेवा देगा. छोटी-मोटी बीमारियों का तत्काल इलाज और दवा मुहैया कराई जाएगी. यदि जरूरत पड़ी तो मरीजों को रेफर करने की भी सुविधा रहेगी.
MP Politics: 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद माला और साफा पहनेंगे 'राहुल' भैया; देखिए संकल्प का वीडियो