Valentine Day पर लट्ठ को पिलाया तेल, बोले- ‘जहां मिलेंगे बाबू सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना’, करवा देंगे शादी

सागर में वैलेंटाइन डे से पहले शिवसेना ने लट्ठ पूजन कर विरोध दर्ज कराया है. प्रेमी जोड़ों और होटल संचालकों को चेतावनी दी गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मोहब्बत के महीने फरवरी में जहां दुन‍ियाभर में वैलेंटाइन वीक की रौनक है और 14 फरवरी 2026 को वैलेंटाइन डे मनाने की तैयारी चल रही है, वहीं मध्य प्रदेश के सागर में इसके विरोध की तस्वीर सामने आई है. शिवसेना कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लट्ठ पूजन किया और प्रेमी जोड़ों को सख्त चेतावनी दी.

पहलवान बाबा मंदिर में लट्ठों का पूजन

बुधवार को सागर जिला मुख्यालय पर शिवसैनिक सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर पहुंचे. यहां वैलेंटाइन डे के विरोध में “जहां मिलेंगे बाबू सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना” और “लव जेहादी वैलेंटाइन डे मुर्दाबाद” जैसे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया गया.

पंडित-पुरोहित की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल चढ़ाकर विधिवत पूजन किया गया. इसे “दंड पूजन” नाम दिया गया. 

Valentines Day 2026 Shiv Sena Performs Lath Pujan in Sagar

पार्क और होटलों के बाहर लगाए पोस्टर

पूजन के बाद शिवसैनिकों ने शहर के पार्क, होटल और धार्मिक स्थलों के आसपास पोस्टर चस्पा किए. पोस्टरों में 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाने का विरोध दर्ज कराया गया है.

Advertisement

शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा नहीं है. उनका आरोप है कि कुछ युवक-युवतियां पाश्चात्य संस्कृति का अनुसरण करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय आचरण करते हैं, जिसे शिवसैनिक बर्दाश्त नहीं करेंगे. 

अश्लीलता मिली तो मौके पर कराएंगे शादी

पप्पू तिवारी ने चेतावनी दी कि 14 फरवरी 2026 को यदि कोई प्रेमी युगल सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता करते पाया गया, तो मौके पर ही उनकी शादी करवा दी जाएगी. वहीं, शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने कहा कि संगठन हर वर्ष वैलेंटाइन डे का विरोध करता है और इस बार भी विरोध जारी रहेगा. उनके मुताबिक, “प्रेम की आड़ में अश्लीलता फैलाने वालों को सबक सिखाने” के लिए लट्ठ पूजन किया गया है.

Advertisement

होटल संचालकों को भी चेतावनी

शिवसेना ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी चेतावनी दी है कि 14 फरवरी को किसी प्रकार के फूहड़ या अश्लील कार्यक्रम आयोजित किए गए तो विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विरोध के दौरान यदि कोई अप्रिय स्थिति बनती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित आयोजकों की होगी. हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.