विज्ञापन
This Article is From Feb 07, 2026

लव स्‍टोरी में रोज डे बना 'ज़ुल्म डे’: जोड़ा घर से भागा, युवती के पर‍िजनों ने दोस्‍त पर बरपाया कहर

सीहोर जिले के बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में शक के आधार पर एक युवक का अपहरण कर उसे बेरहमी से पीटा गया, निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया और बेहोशी की हालत में सड़क पर छोड़ दिया गया. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

लव स्‍टोरी में रोज डे बना 'ज़ुल्म डे’: जोड़ा घर से भागा, युवती के पर‍िजनों ने दोस्‍त पर बरपाया कहर

Madhya Pradesh News: वैलेंटाइन वीक 2026 के पहले द‍िन (रोज डे) को एक प्रेम कहानी में इंसान‍ियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. रोज डे एक दोस्‍त के लिए उस वक्‍त जुल्‍म डे बन गया जब प्रेमी-प्रेम‍िका घर से भाग गए और इसके बाद प्रेम‍िका के घर वालों ने दूसरे युवक पर कहर बरपा द‍िया.

मामला मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बिलकिसगंज थाना इलाके का है. यहां सिर्फ शक के आधार पर एक युवक का अपहरण कर उसके साथ अमानवीय बर्बरता की गई. आरोपियों ने युवक को नंगा कर पूरे गांव में घुमाया, बेरहमी से पीटा और बेहोशी की हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए.

घायल युवक को पुलिस के 112 वाहन से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं.

युवती के भागने पर शक बना हिंसा की वजह

दरअसल, ग्राम ब्रिजिश नगर की एक युवती किसी युवक के साथ घर से भाग गई थी. इसी मामले में आरोपियों को शक था कि पांगरी गांव निवासी 25 वर्षीय अरविंद मीणा ने युवती को भगाने में मदद की है. बिना किसी सबूत के इसी शक के आधार पर युवक को निशाना बनाया गया.

खेत से उठाया, रस्सी से बांधा और डंडों से पीटा

पीड़ित अरविंद मीणा ने बिलकिसगंज थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपने खेत पर काम कर रहा था. तभी ब्रिजिश नगर गांव के रहने वाले गौतम मेवाड़ा और घिसीलाल मेवाड़ा वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोपियों ने रस्सी से उसके पैर बांध दिए.

इसके बाद भवानी मेवाड़ा, रोहन और पुरुषोत्तम मेवाड़ा भी मौके पर पहुंचे और डंडों से युवक की बेरहमी से पिटाई की. फिर उसे बोलेरो वाहन में जबरन बैठाकर अपहरण कर ब्रिजिश नगर गांव ले जाया गया.

नंगा कर गांव में घुमाया, सड़क पर फेंक दिया

गांव पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया. इसके बाद उसे इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह बेहोश हो गया. आरोपी उसे सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए.

112 वाहन से अस्पताल पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर इछावर थाना पुलिस का 112 वाहन मौके पर पहुंचा और गंभीर हालत में पड़े युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है.

बिलकिसगंज थाना प्रभारी संदीप मीणा ने बताया कि युवक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. वहीं सीहोर एसडीओपी पूजा शर्मा ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com