विज्ञापन

त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का एक्शन, 5 लाख का घी-पनीर जब्त; नकली पनीर की आशंका

उज्जैन में त्योहारों से पहले खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेयरियों और प्रतिष्ठानों से 5 लाख रुपये से अधिक का घी, पनीर और मावा जब्त किया. पनीर के एनालॉग यानी नकली होने की आशंका के चलते नमूने जांच के लिए भोपाल लैब भेजे हैं. 876 किलो घी भी जब्त किया.

त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का एक्शन, 5 लाख का घी-पनीर जब्त; नकली पनीर की आशंका

त्योहारी सीजन नजदीक आते ही उज्जैन में खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शहर की विभिन्न डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में घी, पनीर और मावा जब्त किया. शुरुआती जांच में कुछ खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह जताया है. खासतौर पर पनीर के एनालॉग होने की आशंका के बाद विभाग ने उसके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए. 

दरअसल, खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को इंदौर रोड स्थित सांवरिया परिसर में संचालित पालीवाल डेयरी पर जांच अभियान चलाया. निरीक्षण के दौरान डेयरी के कोल्ड रूम में रखे 33 किलो पनीर और 80 किलो मावा को जब्त किया गया. अधिकारियों के अनुसार जब्त पनीर की कीमत करीब 31 हजार रुपये आंकी गई है. विभाग को आशंका है कि यह पनीर सामान्य डेयरी उत्पाद नहीं होकर एनालॉग पनीर हो सकता है.

एक दिन पहले 876 किलो घी पर भी हुई कार्रवाई

इससे पहले खाद्य विभाग ने बुधवार को आनंद नगर स्थित श्री कृष्णा डेयरी और फव्वारा चौक स्थित फर्म श्री राजेंद्र ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया था. जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर 'प्योरा श्योर' ब्रांड के देसी घी का बड़ा स्टॉक मिला. विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 876 किलो घी जब्त किया. अधिकारियों के मुताबिक जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 8 हजार रुपये है. इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई.

सप्लाई चेन की जांच में सामने आई डेयरी

खाद्य अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि विभाग को पहले एक अन्य स्थान से जब्त किए गए मावे की सप्लाई चेन की जांच के दौरान पालीवाल डेयरी के बारे में जानकारी मिली थी. इसके बाद डेयरी को जांच के दायरे में लाया और वहां निरीक्षण किया. जांच के दौरान संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर उसे जब्त कर लिया.

भोपाल लैब भेजे गए नमूने

विभाग ने जब्त पनीर और मावे के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा है. लैब में यह जांच की जाएगी कि खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं. विशेष रूप से पनीर की गुणवत्ता और उसके निर्माण में उपयोग की गई सामग्री की जांच की जाएगी.

खाद्य विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. यदि जांच में खाद्य पदार्थों में मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित सप्लायरों और प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

त्योहारों को देखते हुए जारी रहेगा अभियान

अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान दूध, घी, मावा और पनीर जैसे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. इसी समय मिलावटी उत्पाद बाजार में आने की संभावना भी अधिक रहती है. इसी कारण खाद्य विभाग ने डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच करने का निर्णय लिया है, ताकि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंच सके.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close