विज्ञापन

रिफाइंड और केमिकल से बन रहा था 'जहर'; ग्वालियर में मिलावटी दूध-पनीर का भंडाफोड़, डेयरी सील

Fake Milk Paneer: ग्वालियर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी दूध और पनीर बनाने वाले डेयरी पर छापा मारा. रिफाइंड तेल और केमिकल से पनीर बनाया जा रहा था. जानिए कैसे होता था मिलावट का खेल.

रिफाइंड और केमिकल से बन रहा था 'जहर'; ग्वालियर में मिलावटी दूध-पनीर का भंडाफोड़, डेयरी सील
ग्वालियर में मिलावटी दूध-पनीर का भंडाफोड़

Fake Milk Paneer Racket Busted: ग्वालियर में मिलावटी दूध और पनीर के अवैध कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सागरताल रोड स्थित एक डेयरी पर छापा मारते हुए नकली दूध और उससे बने उत्पादों का खुलासा किया. जांच में सामने आया कि दूध और मिल्क क्रीम में बाहरी फैट मिलाया जा रहा था, जबकि पनीर बनाने में रिफाइंड तेल, वनस्पति, सोया तेल और बेकिंग पाउडर का इस्तेमाल हो रहा था. कार्रवाई के दौरान टीम ने डेयरी को सील कर दिया और मौके पर बड़ी मात्रा में दूध को नष्ट कराया. इस घटना ने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

छापे में खुला मिलावट का खेल, डेयरी बंद

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आनंद नगर चौराहा, सागरताल रोड स्थित श्याम डेयरी पर छापा मारकर मिलावट का बड़ा मामला पकड़ा. निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालक अभिताव सिंह किरार दूध गर्म करते हुए मिला, जबकि परिसर में बड़ी मात्रा में दूध और अन्य संदिग्ध सामग्री मौजूद थी. जांच में दूध और मिल्क क्रीम में बाहरी फैट की मिलावट पाए जाने पर अधिकारियों ने तुरंत डेयरी संचालन बंद करा दिया.

Fake Milk Paneer Racket Busted: वनस्पति तेल के पैकेट

Fake Milk Paneer Racket Busted: वनस्पति तेल के पैकेट

रिफाइंड, वनस्पति और केमिकल से बनता था पनीर

छापे के दौरान टीम को मौके पर रिफाइंड सोया तेल, वनस्पति घी, बेकिंग पाउडर और ब्रांडेड रैपर मिले. जांच में सामने आया कि इन सामग्रियों का उपयोग मिलावटी पनीर तैयार करने में किया जा रहा था. डेयरी संचालक से पूछताछ में इन सामग्रियों के उपयोग को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका, जिससे मिलावट की आशंका और पुख्ता हो गई.

बिना लाइसेंस चल रही थी डेयरी

जांच में यह भी पता चला कि संबंधित डेयरी बिना वैध फूड लाइसेंस के संचालित हो रही थी. यह नियमों का गंभीर उल्लंघन है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर चलित प्रयोगशाला से दूध और क्रीम की जांच की, जिसमें मिलावट की पुष्टि हुई.

Fake Milk Paneer Racket Busted: खाद्य विभाग का एक्शन

Fake Milk Paneer Racket Busted: खाद्य विभाग का एक्शन

98 लीटर दूध नष्ट, सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान लगभग 98 लीटर दूध मौके पर ही नष्ट कराया गया. इसके अलावा 25 किलो मिल्क क्रीम, 2 लीटर रिफाइंड तेल और 1 किलो बेकिंग पाउडर जब्त किया गया. सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है.

दूसरी डेयरी से भी सैंपल

टीम ने कार्रवाई के दौरान आनंद नगर स्थित शीतला डेयरी का भी निरीक्षण किया. यहां से दूध के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है मिलावटी दूध

विशेषज्ञों का कहना है कि दूध में मिलावट गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करती है. अधिक मुनाफे के लिए इसमें रिफाइंड तेल, डिटर्जेंट, यूरिया, बेकिंग सोडा और अन्य केमिकल मिलाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बेहद हानिकारक होते हैं. ऐसे मिलावटी उत्पादों के सेवन से पाचन संबंधी समस्याएं, किडनी और लीवर पर असर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं.

लगातार कार्रवाई के बावजूद जारी है गोरखधंधा

गौरतलब है कि शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद नकली दूध और दुग्ध उत्पादों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. यह कार्रवाई एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: कोर्ट में आज CDR-CCTV पर सुनवाई; डिजिटल सबूतों को लेकर बहस, CBI जांच शुरू

यह भी पढ़ें : बकरा व्यापारी... जनगणना अधिकारी बन पुलिस ने हाईटेक चोर को दबोचा; 15 दिन दिल्ली में डेरा, 300 KM किया पीछा

यह भी पढ़ें : ट्विशा दहेज हत्या केस में बड़ा मोड़, आज CBI लेगी समर्थ की कस्टडी; WhatsApp और कॉल रिकॉर्ड खंगालेगी टीम

यह भी पढ़ें : बकरीद से पहले बुरहानपुर में बिका चाय-पान का शौकीन बकरा; कीमत में 786 का खास कनेक्शन रहा

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close