विज्ञापन

ट्विशा शर्मा केस भोपाल: क्या सलाखों के पीछे जाएंगे पूर्व जिला जज सास और वकील पत‍ि? FIR दर्ज

Twisha Sharma Case Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व जिला जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिले हैं.

ट्विशा शर्मा केस भोपाल: क्या सलाखों के पीछे जाएंगे पूर्व जिला जज सास और वकील पत‍ि? FIR दर्ज

Twisha Sharma Case Bhopal MP: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स पुलिस थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और हत्या की संबंधित धाराओं में मृतका के पति, वकील समर्थ सिंह, के खिलाफ FIR दर्ज की है. भोपाल पुलिस ने आधी रात को मामला दर्ज करते हुए ट्विशा शर्मा की सास और पूर्व जिला जज गिरी बाला सिंह को भी इस मामले में आरोपी बनाया है. इधर, ट्विशा की मौत के तीसरे दिन परिजनों ने उनका शव अंतिम संस्कार के लिए ले लिया है.

पांच माह पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा का विवाह करीब पांच महीने पहले भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुआ था. मंगलवार रात को 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा का शव उनके ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला था. नोएडा से भोपाल पहुंचे ट्विशा के परिजनों ने पति और सास पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजनों ने पुलिस कमिश्नर, एसीपी कार्यालय और महिला थाने में प्रदर्शन भी किया. मंगलवार रात से ही ट्विशा का शव एम्स (AIIMS) भोपाल के मर्चुरी में रखा हुआ था.

कोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई

इस बीच, आरोपी सास पूर्व जिला जज गिरी बाला सिंह और पति समर्थ सिंह ने जिला अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है. इस याचिका पर न्यायाधीश पल्लवी द्विवेदी की अदालत में सुनवाई हुई. फिलहाल अदालत में बहस पूरी हो चुकी है, लेकिन फैसला सुनाया जाना बाकी है. परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल ट्विशा को प्रताड़ित किया और उसकी हत्या की, बल्कि साक्ष्य मिटाने और पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों का खुलासा

ट्विशा की प्रारंभिक शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. रिपोर्ट में उनके शरीर पर कई जगह चोटों (मल्टीपल इंजरी) का उल्लेख किया गया है, जबकि मौत का तात्कालिक कारण फांसी बताया गया है. शरीर पर मिले चोट के निशान हत्या की आशंका को और गहरा कर रहे हैं.

शादी डॉट कॉम के जरिए हुई थी मुलाकात

उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की निवासी थीं. मैट्रिमोनियल साइट 'शादी डॉट कॉम' के माध्यम से उनकी जान-पहचान भोपाल के क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह से हुई थी. इसके बाद 12 दिसंबर 2025 को दोनों का विवाह संपन्न हुआ. शादी से पहले ट्विशा दिल्ली में कार्यरत थीं. पुलिस जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि करीब दो माह पूर्व उनका गर्भपात (मिसकैरेज) भी हुआ था. फिलहाल, भोपाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन तफ्तीश कर रही है.

भोपाल में ट्विशा शर्मा के साथ आख‍िरी रात को क्‍या हुआ? मैट्रिमोनियल साइट से र‍िटायर्ड जज के वकील बेटे से की शादी

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close