विज्ञापन
This Article is From Feb 23, 2026

सिंगरौली में आधी रात चोरों का सुनार की दुकान पर धावा, 10 मिनट में ही गहने और कैश लेकर फरार

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला बरगवां थाना क्षेत्र का है, जहां 18 फरवरी की आधी रात को लगभग छह चोरों ने सेठ विनोद कुमार सर्राफ की दुकान पर धावा बोल दिया.

सिंगरौली में आधी रात चोरों का सुनार की दुकान पर धावा, 10 मिनट में ही गहने और कैश लेकर फरार

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं. इसका ताजा उदाहरण उस वक्त सामने आया जब लगभग छह चोरों ने आधी रात एक सुनार की दुकान पर धावा बोल दिया. शटर तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और कैश पर हाथ साफ कर दिया. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

घटना सिंगरौली जिले के बरगवां थाना के पास की है, जहां बरगवां बाजार में स्थित सेठ विनोद कुमार सर्राफ के दुकान में बीते दिन यानी 18 फरवरी की आधी रात को चोर अंधेरे में दुकान के अंदर घुसकर लाखों रुपये के जेवरात व कैश लेकर फरार हो गए. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है.

प्लानिंग के साथ दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि चोर रात का फायदा उठाकर दुकान के सामने पहुंचे. पहले कुछ देर तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद औजारों की मदद से शटर का ताला तोड़ दिया.

करीब पांच से छह बदमाश चेहरा ढंककर अंदर घुस गए और सीधे काउंटर व तिजोरी की ओर बढ़ गए. कुछ ही मिनटों में शोकेस में सजे सोने की चेन, अंगूठियां, कंगन और चांदी के आभूषण बैग में भर लिए. साथ ही गल्ले में रखा नकद कैश भी समेट लिया.

10 मिनट में खाली कर दी दुकान

बताया जा रहा है कि पूरी वारदात को महज 5-10 मिनट के भीतर अंजाम दिया. बदमाशों की तेजी और आत्मविश्वास देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने पहले से दुकान की रेकी की थी. वारदात के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए.

सुबह मचा हड़कंप

सुबह जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचे तो टूटा शटर और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए. अंदर जाकर देखा तो शोकेस खाली पड़े थे और कैश काउंटर भी साफ था. शुरुआती अनुमान के अनुसार,लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.

घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है. व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा पुख्ता होती तो इतनी बड़ी चोरी नहीं होती. पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com