विज्ञापन
This Article is From Sep 04, 2025

सतना में छात्र की गोली मारकर हत्या, चाय की दुकान पर हुई घटना; सामने आई वजह

Firing in Satna: सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक चाय की दुकान पर गोलीबारी की घटना में एक छात्र की मौत हो गई. मृतक छात्र की पहचान सत्यम शुक्ला के रूप में हुई है, जो पुष्पेंद्र शुक्ला का पुत्र था.

सतना में छात्र की गोली मारकर हत्या, चाय की दुकान पर हुई घटना; सामने आई वजह

Satna Crime News: सतना जिले में कोलगवां थाना क्षेत्र के बड़हिया बढ़ईया में गुरुवार शाम चाय की दुकान पर हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. गोली लगने से घायल छात्र सत्यम शुक्ला पुत्र पुष्पेंद्र शुक्ला की इलाज के दौरान मौत हो गई. हमले के पीछे आपसी रंजिश बताई जा रही है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

घटनाक्रम के अनुसार, फरियादी सूर्य प्रताप सिंह अपने परिचितों के साथ एफसीआई गोदाम के पास स्थित चाय दुकान पर चाय पी रहा था. बताया गया है कि इसी दौरान वहां आरोपी वेद मिश्रा अपने साथियों के साथ पहुंचा. आरोप है कि वेद के साथी आयुष द्विवेदी ने सूर्य प्रताप का मोबाइल छीन लिया. इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई.

गोलीबारी में छात्र की जान गई

मारपीट के दौरान माहौल तनावपूर्ण होते देख अचानक वेद मिश्रा ने कट्टा निकालकर गोली चला दी. हालांकि सूर्य प्रताप झुक गया और वह गोली उसके ऊपर से निकल गई. इस बीच वहां मौजूद छात्र सत्यम शुक्ला ने आरोपियों को गोली चलाने से मना किया. यह बात वेद मिश्रा और उसके साथी सचिन पाल को नागवार गुजरी. दोनों ने सत्यम पर गाली-गलौज कर उस पर सूर्य प्रताप का पक्ष लेने का आरोप लगाया और देखते ही देखते कट्टा तान दिया. तभी सचिन पाल ने फायर कर दिया. गोली सीधे सत्यम को लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घायल अवस्था में सत्यम शुक्ला को उसके साथी तत्काल बिरला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. रीवा में इलाज के दौरान सत्यम ने दम तोड़ दिया. छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया.

पुलिस ने पांच को नामजद किया

घटना की जानकारी मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फरियादी के बयान पर पुलिस ने मुख्य आरोपी वेद मिश्रा, सचिन पाल, आयुष द्विवेदी सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com