विज्ञापन
This Article is From Mar 02, 2026

होलिका में जलेगी सोनम की साड़ी, राजा रघुवंशी की मां ने कहा- उसने मेरे बेटे के साथ खेली थी खून की होली

होलिका दहन से पहले राजा रघुवंशी के परिवार ने बड़ा फैसला लिया है. वे सोनम रघुवंशी की फेरे वाली साड़ी को होलिका में जलाकर बुराई के अंत का प्रतीकात्मक संदेश देंगे. परिवार का आरोप है कि सोनम ने धोखे से राजा को बुलाया था, जिसके बाद उनकी हत्या हुई.

होलिका में जलेगी सोनम की साड़ी, राजा रघुवंशी की मां ने कहा- उसने मेरे बेटे के साथ खेली थी खून की होली

Sonam Raghuvanshi Saree Holika Dahan: होलिका दहन से पहले राजा रघुवंशी का परिवार इस बार एक अनोखा फैसला लेने जा रहा है. वे राजा की पत्नी सोनम की वही साड़ी होलिका में जलाएंगे, जो उसने शादी के फेरे के समय पहनी थी. परिवार का कहना है कि यह कदम उनके बेटे को मिली तकलीफ का और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देगा. राजा की मां कहती हैं कि सोनम जेल में है, उसे तो नहीं जला सकते, लेकिन उसकी यादों को आग के हवाले कर राजा के साथ हुई बुराई का अंत जरूर करेंगे.

होलिका में जलेगी सोनम की साड़ी

राजा रघुवंशी का परिवार इस बार होलिका दहन के साथ एक और प्रतीकात्मक कदम उठा रहा है. उनका कहना है कि आज रात होलिका की आग में सोनम की फेरे वाली साड़ी जलाई जाएगी. परिवार के अनुसार, यह सिर्फ एक कपड़ा नहीं बल्कि उस दर्द की निशानी है जिसने उनके घर का सुख छीन लिया.

परिवार का कहना- ‘आज खत्म होगी बुराई'

राजा की मां ने साफ कहा कि होलिका दहन हमेशा से बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रहा है. उनका कहना है कि सोनम ने राजा को धोखे से अपनी ओर बुलाया और उसी रंग‑गुलाल के बहाने पूरे हादसे की कहानी आगे बढ़ी. मां का कहना है कि "सोनम जेल में है, उसे तो नहीं जला सकते, लेकिन उसकी साड़ी और उससे जुड़ी यादें आज खत्म कर देंगे."

पिछले साल होली पर शुरू हुई थी कहानी

राजा की मां ने पिछले साल की यादें भी साझा कीं. उन्होंने बताया कि पिछले होली पर सोनम ने ही राजा को रंग लगाने के लिए फोन करके अपने घर बुलाया था. दोनों ने साथ में गुलाल खेला था और उस समय कुछ भी गलत नहीं दिखा. लेकिन अब मां कहती हैं कि "जिस गुलाल की होली उन्होंने खेली थी, उसी गुलाल का बदला लेने के लिए सोनम ने इस साल राजा के साथ खून की होली खेली."

वीडियो देखकर फूट पड़ा दर्द

राजा की मां के पास पिछले साल की एक वीडियो है, जिसमें राजा खुशी‑खुशी होली खेल रहा है. वह बताती हैं कि आज उसी वीडियो को देखकर वो खुद को संभाल नहीं पा रहीं. उनकी आवाज़ भर आते हुए वे कहती हैं कि "राजा के जाने के बाद हमारे जीवन में अब कोई रंग नहीं बचा. न होली मनाएंगे, न दीपावली. अब हमारे घर में कभी त्योहार नहीं आएंगे."

कौन है सोनम रघुवंशी और क्या है पूरी कहानी?

यह मामला मई 2025 से जुड़ा है, जब मध्यप्रदेश के व्यवसायी राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर मेघालय गए थे. इसी दौरान राजा की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. मामले में कुल पांच आरोपी बनाए गए राजा की पत्नी सोनम, उसका परिचित राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी. पुलिस के मुताबिक ये सभी आरोपी मध्यप्रदेश से ही मेघालय पहुंचे थे. हालांकि, सभी आरोपी अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार कर रहे हैं और केस अब भी अदालत में चल रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com