VIDEO: बीच सड़क पर आपस में भिड़े स्कूली बच्चे, जमकर चले लात‑घूंसे; दो छात्र घायल

सिंगरौली के बैढ़न स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, बिलौजी में स्कूल छुट्टी के बाद छात्रों के बीच मामूली विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया. कक्षा नौवीं के दो छात्रों को बीच सड़क पर लात‑घूंसे और जूते से पीटा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Singrauli School Fight Video: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, बिलौजी में मंगलवार को स्कूल छुट्टी होते ही छात्रों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. स्कूल गेट के बाहर कुछ छात्रों ने दूसरी कक्षा के दो बच्चों को बीच सड़क पर रोककर बेरहमी से पीटा. घटना का वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

स्कूल गेट के बाहर शुरू हुआ विवाद

सिंगरौली के सरस्वती शिशु मंदिर, बिलौजी से छुट्टी होने के बाद छात्र बाहर निकल रहे थे. उसी समय कक्षा आठवीं का छात्र आनंदराज साह, निवासी बिलौजी बस्ती, अपने साथ लगभग 10 युवकों को लेकर स्कूल परिसर के बाहर पहुंचा. बताया गया कि पहले किसी छोटी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था, जो यहां आकर बड़ा झगड़ा बन गया.

Advertisement

सड़क पर रोककर की गई मारपीट

जैसे ही कक्षा नौवीं के छात्र सुयश यादव और सुजल कुमार साकेत स्कूल से बाहर आए, तभी आनंदराज और उसके साथ आए युवक उन पर टूट पड़े. उन्होंने बीच सड़क पर दोनों को रोककर लात‑घूंसे और जूते से बुरी तरह पीटा. मौके पर मौजूद लोगों को समझ ही नहीं आया कि बच्चे इतनी हिंसा पर कैसे उतारू हो गए.

राहगीर ने दिखाई हिम्मत, बचाई छात्रों की जान

इसी दौरान वहां से गुजर रहे शशिकांत कुशवाहा ने हिम्मत दिखाते हुए बीच‑बचाव किया. हमलावरों की भीड़ के बीच जाकर उन्होंने दोनों छात्रों को किसी तरह बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

घटना के बाद सभी फरार

हमला करने के बाद आनंदराज साह और उसके साथी मौके से भाग निकले. घटना की जानकारी मिलते ही घायल छात्रों के परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चों की तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

पुलिस का कहना है कि बच्चों के बीच हुई यह हिंसक झड़प किसी मामूली विवाद का नतीजा थी, लेकिन जिस तरह बीच सड़क पर सामूहिक हमला किया गया, वह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है. CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.