विज्ञापन

श्योपुर बीजेपी कार्यालय में मारपीट! जमीन विवाद की बैठक में पार्षद की पिटाई, FIR दर्ज

श्योपुर बीजेपी कार्यालय में शिव मंदिर की जमीन को लेकर बुलाई गई बैठक हिंसा में बदल गई. वार्ड 14 के पार्षद जुगल मेहरा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. पार्षद की शिकायत पर श्याम मीणा और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और SC-ST एक्ट के तहत FIR दर्ज की.

श्योपुर बीजेपी कार्यालय में मारपीट! जमीन विवाद की बैठक में पार्षद की पिटाई, FIR दर्ज

मध्य प्रदेश के श्योपुर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यालय उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब जमीन विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई बैठक मारपीट में बदल गई. वार्ड क्रमांक 14 में शिव मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के समाधान के लिए दोनों पक्षों को बीजेपी कार्यालय बुलाया गया था. लेकिन बातचीत के दौरान माहौल इतना बिगड़ गया कि पार्षद जुगल मेहरा के साथ कथित तौर पर कार्यालय के भीतर ही मारपीट कर दी गई. घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. 

शिव मंदिर की जमीन को लेकर चल रहा विवाद

जानकारी के अनुसार, श्योपुर शहर के वार्ड 14 में स्थित शिव मंदिर की जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को समाप्त करने और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय में बैठक रखी गई थी. बैठक में वार्ड के पार्षद जुगल मेहरा, स्थानीय नागरिक और दूसरे पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे.

बैठक के दौरान आमने-सामने आए दोनों पक्ष

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान विवादित मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और बैठक में मौजूद लोग आमने-सामने आ गए. आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने पार्षद जुगल मेहरा के साथ मारपीट की. घटना के बाद बीजेपी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पार्षद ने लगाए मारपीट के आरोप

पार्षद जुगल मेहरा का आरोप है कि श्योपुर शक्ति दल के प्रमुख श्याम मीणा और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की. बताया जा रहा है कि कार्यालय परिसर में करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा. विवाद बढ़ने पर बैठक बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हो गई और जमीन विवाद सुलझने के बजाय और अधिक उलझ गया.

कोतवाली थाने में दर्ज हुई शिकायत

घटना के बाद पार्षद जुगल मेहरा अपने समर्थकों और वार्डवासियों के साथ श्योपुर कोतवाली थाने पहुंचे. उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.

मारपीट और SC-ST एक्ट के तहत FIR

पुलिस ने पार्षद की शिकायत पर श्याम मीणा और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. साथ ही एससी-एसटी एक्ट के तहत भी एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close