विज्ञापन

मृतक की मां के आगे SDM ने जोड़े हाथ, नहीं खुला जाम: युवक की मौत पर NH-719 पर बवाल, पुलिस ने किया बल प्रयोग

जाम के कारण हाईवे दोनों तरफ से बंद हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, एसडीएम नवनीत शर्मा ने मृतक की बुजुर्ग मां के सामने हाथ जोड़कर जाम खोलने की अपील.

मृतक की मां के आगे SDM ने जोड़े हाथ, नहीं खुला जाम: युवक की मौत पर NH-719 पर बवाल, पुलिस ने किया बल प्रयोग
मृतक की मां के हाथ जोड़ते एसडीएम.

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गुरुवार को बवाल की स्थिति बन गई.  मेहगांव में डंपर की टक्कर से युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों रोड पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और काफी देर तक यातायात सुचारु कराने के लिए काफी जद्दोजहद की. एसडीएम नवनीत शर्मा को मृतक की बुजुर्ग मां के सामने हाथ जोड़कर जाम खोलने की अपील करनी पड़ी, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. आखिरकार पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर हाईवे खाली कराना पड़ा.

जानकारी के अनुसार, बरासो थाना क्षेत्र के डगर गांव निवासी संतोष बघेल (35) बाइक से मेहगांव आ रहा था. इसी दौरान मौ की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर भीड़भाड़ वाले हाट बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था. डंपर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे संतोष बघेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया.

Latest and Breaking News on NDTV

हाईवे के दोनों साइड पर वाहनों की लंबी कतारें

परिजन और ग्रामीण शव को लेकर NH-719 पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया. जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का भरसक प्रयास किया.

एसडीएम नवनीत शर्मा ने मृतक की बुजुर्ग मां के सामने हाथ जोड़कर जाम समाप्त करने की भावुक अपील की, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे. प्रशासन की लगातार समझाइश के बावजूद जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो स्थिति बिगड़ने लगी. पुलिस के अनुसार कुछ प्रदर्शनकारी वाहनों पर चढ़ गए और ट्रक चालकों के साथ अभद्रता करने लगे. इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने लगी.

Latest and Breaking News on NDTV

4 घंटे तक रहा जाम

करीब चार घंटे तक जाम जारी रहने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को हटाया. इस दौरान प्लास्टिक के पाइपों का इस्तेमाल किया गया और हाईवे को खाली कराकर यातायात बहाल कराया गया. पुलिस ने हादसे के तुरंत बाद डंपर को जब्त कर लिया था और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है. वहीं, अब पुलिस चक्काजाम और हंगामे में शामिल लोगों की पहचान कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी जल्द एफआईआर दर्ज की जा सकती है. युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है.

ये भी पढ़ें- रुक जाओ, नहीं तो गोली मार दूंगा; तहसीलदार से बोला रेत माफिया, शिवपुरी में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम को धमकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close