Satna Crime News: सतना जिले के उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार देर रात एक सनकी मरीज की हरकत से हड़कंप मच गया. इलाज के लिए भर्ती युवक ने अस्पताल के मेडिकल वार्ड में ही शराब पीनी शुरू कर दी. जब ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्टाफ ने उसे ऐसा करने से रोका, तो वह आपे से बाहर हो गया और अस्पताल परिसर के बाहर कट्टे से फायर कर दहशत फैलाते हुए फरार हो गया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. वारदात के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और कर्मचारियों में भय का माहौल है. बीएमओ की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
कमजोरी बताकर कराया था भर्ती
जानकारी के अनुसार कोठी रमपुरवा थाना उचेहरा निवासी 23 वर्षीय शिवम द्विवेदी को कमजोरी की शिकायत के चलते डॉक्टर की सलाह पर दो दिन पहले उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल वार्ड में भर्ती किया गया था. अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक वह इलाज के दौरान भी अनुशासनहीनता करता रहा और कई बार शराब के नशे में अस्पताल आता-जाता था.
बेड पर बैठकर पी रहा था शराब
शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे वार्ड स्टाफ ने देखा कि शिवम अस्पताल के बेड पर बैठकर शराब पी रहा है. इस पर स्टाफ ने तत्काल ड्यूटी डॉक्टर दीपक पांडेय को सूचना दी. डॉक्टर मौके पर पहुंचे और अस्पताल परिसर में शराब पीने पर सख्त आपत्ति जताते हुए मरीज को ऐसा करने से मना किया.

Satna Crime News: उचेहरा अस्पताल फायरिंग
डॉक्टर से उलझा, गाली-गलौज की
डॉक्टर की समझाइश के बजाय मरीज और अधिक उग्र हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिवम ने डॉक्टर दीपक पांडेय और वार्ड बॉय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर वहां से बाहर जाने लगे, लेकिन आरोपी भी उनके पीछे-पीछे अस्पताल परिसर के बाहर तक पहुंच गया.
कट्टे से फायर कर फैलाई दहशत
अस्पताल के बाहर पहुंचते ही शिवम ने अपनी बाइक स्टार्ट की और अचानक अवैध कट्टे से फायर कर दिया. गोली की आवाज से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस फायरिंग में ड्यूटी डॉक्टर दीपक पांडेय बाल-बाल बच गए. फायर करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
डायल 112 पर दी गई सूचना
घटना के तुरंत बाद घबराए डॉक्टर ने डायल 112 पर सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था. रात में ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) को भी दी गई.
बीएमओ ने दी थाने में शिकायत
बीएमओ डॉक्टर ए.के. राय ने बताया कि शिवम को दो दिन पहले भर्ती किया गया था, लेकिन वह इलाज के दौरान भी शराब पीने की आदत नहीं छोड़ रहा था. शुक्रवार रात भी वह बोतल चढ़वाने के बाद बेड पर बैठकर शराब पीने लगा. शनिवार को अस्पताल प्रबंधन की ओर से उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा को लिखित शिकायत दी गई है.
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
उचेहरा थाना पुलिस ने बीएमओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसके पास अवैध कट्टा कहां से आया. वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
यह भी पढ़ें : स्कूल से लौटते समय दरिंदों ने बनाया शिकार; मैहर में नाबालिग छात्रा को बंधक बनाकर गैंगरेप, अब पुलिस का एक्शन
यह भी पढ़ें : फर्जी बैंक गारंटी के मामले ED की बड़ी कार्रवाई; TGL घोटाले में 10.80 करोड़ की संपत्ति कुर्क
यह भी पढ़ें : कर्नाटक में बर्ड फ्लू की दस्तक; बेंगलुरु के पास H5N1 वायरस की पुष्टि, अलर्ट के बाद इतनी मुर्गियां नष्ट की गईं
यह भी पढ़ें : MP Gehu Kharidi 2026: गेहूं उपार्जन की स्लॉट बुकिंग 30 अप्रैल तक, इतने अन्नदाताओं ने MSP पर बेची फसल