सतना जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सतना के प्राचार्य डॉ सच्चिदानंद पांडेय की हठधर्मिता से न केवल सेवारत कर्मचारी प्रताड़ित हो रहे हैं बल्कि सेवानिवृत्त हो चुके लोग भी खासा परेशान हैं. यही कारण है कि अब अंकुश लगाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल के लिए विवश होना पड़ रहा है. सोमवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी सुरेशचंद्र मिश्रा और रिटायर्ड व्याख्याता प्रदीप त्रिपाठी भूख हड़ताल पर बैठ गए. आरोप है कि प्राचार्य के कार्यकाल में जितने भी कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए उनमें से अधिकांश के भुगतान अटके हुए हैं.
सेवानिवृत्त कर्मचारी का आरोप
सेवानिवृत्त कर्मचारी सुरेश चंद्र मिश्रा ने दुर्व्यवहार और आर्थिक प्रताड़ना की शिकायत पूर्व में कलेक्टर से की है. शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी सेवानिवृत्ति तिथि 31 जनवरी 2026 को थी, लेकिन विदाई कार्यक्रम आयोजित करने के बजाय संस्थान के सभी कमरों में ताला बंद कर दिया गया और उन्हें अपमानित किया गया. इतना ही नहीं अब तक उन्हें सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र भी प्रदान नहीं किया गया है.
प्राचार्य को तत्काल डाइट से हटाने की मांग
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनवरी माह का वेतन तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित किसी भी प्रकार का भुगतान 23 मार्च तक नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारी और उनके परिवार को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मामले में एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि प्राचार्य सच्चिदानंद पांडेय को 16 अप्रैल 2024 को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी, जो अभी भी लंबित है. आरोप है कि जांच के दौरान कर्मचारियों पर दबाव बनाया जा रहा है और पक्ष में बयान देने के लिए उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है. शिकायतकर्ता ने मांग की है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए प्राचार्य को तत्काल डाइट सतना से हटाया जाए और लंबित भुगतान शीघ्र कराया जाए. कर्मचारियों ने 23 मार्च से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है.
एक दर्जन कर्मचारियों ने कमिश्नर से की शिकायत
डाइट प्रचार्य सच्चिदानंद पांडेय के खिलाफ कमिश्नर रीवा को एक दर्जन कर्मचारियों ने लिखित आवेदन दिया है. दो साल पहले रिटायर हुईं प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी अंजना श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि उनके स्वयत्तों का भुगतान अभी तक नहीं किया गया. जिसके चलते तमाम कर्मचारी प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: UPSC 2025 में MP के 61 अभ्यर्थियों को मिली सफलता, CM मोहन आज इन प्रतिभाओं को करेंगे सम्मान