विज्ञापन
This Article is From Feb 16, 2026

भाइयों ने पेट्रोल डालकर बहन को जलाने की कोशिश की; 10x60 के घर को लेकर चल रहा विवाद 

सतना के जवाहर नगर में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि दो भाइयों ने 32 वर्षीय कंचन चौधरी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की और ब्लेड से हमला किया.

भाइयों ने पेट्रोल डालकर बहन को जलाने की कोशिश की; 10x60 के घर को लेकर चल रहा विवाद 

Brother Attempt to Burn Sister: सतना में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. दो भाइयों ने अपनी ही बहन को जिंदा जलाने की कोशिश की. सिर्फ 10x60 के एक मकान को लेकर वर्षों से चले आ रहे विवाद ने हिंसा का ऐसा रूप लिया कि इलाके में दहशत फैल गई. आरोप है कि भाइयों ने महिला को न सिर्फ गाली दी और पीटा, बल्कि उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश भी की. स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक बड़ी घटना टल गई.

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में 32 वर्षीय कंचन चौधरी अपने भाइयों राकेश और बंटू चौधरी के साथ लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद झेल रही थीं. रविवार शाम यह विवाद इतनी बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने कंचन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की. इस दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गई.

शोर सुनकर पहुंचे लोग, पुलिस को बुलाया

हमले के बाद कंचन की चीख‑पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को थाने पहुंचाया. वहां उसकी शिकायत दर्ज की गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों के अनुसार, कंचन के हाथ में ब्लेड से भी चोट पहुंचाई गई थी.

पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज

कंचन की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119, 124(2), 115(2), 296(ए) और 3/5 के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी होगी.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके भाई नशे का अवैध कारोबार करते हैं और विरोध करने पर अक्सर उससे मारपीट करते हैं. पुलिस ने कहा है कि इन आरोपों की भी जांच की जाएगी.

किराने की दुकान में बैठी थी तभी हुआ हमला

घटना के समय कंचन अपनी किराने की दुकान पर बैठी थी. आरोप है कि भाई वहां आए और उसे घर खाली करने की धमकी देने लगे. विरोध करने पर उन्होंने कंचन पर ब्लेड से हमला किया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली.

10x60 के मकान को लेकर चल रहा विवाद

सतना के जवाहर नगर में मौजूद 10 गुणा 60 फीट के मकान को लेकर परिवार में कई दिनों से तनाव चल रहा है. कंचन अपने पति जैकी चौधरी के साथ इसी घर में रहती है और वही दुकान भी चलाती है. भाई उसे लगातार घर खाली करने के लिए धमका रहे थे. कंचन का कहना है कि जब वह नहीं मानी, तब यह घटना अंजाम दी गई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com