विज्ञापन

Bhojshala : महाकाल लोक की तरह भोजशाला में भी होगा “वाग्देवी लोक” का निर्माण, सीएम यादव ने किया बड़ा ऐलान

Bhoajshala Development: भोजशाला मंदिर में मां वाग्देवी के दर्शन और पूजन कर सभी के मंगल व कल्याण की कामना की. इसके साथ ही उन्होंने धार के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं की. सीएम यादव ने ऐलान किया कि भोजशाला में मां सरस्वती लोग और भोज संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा.

Bhojshala : महाकाल लोक की तरह भोजशाला में भी होगा “वाग्देवी लोक” का निर्माण, सीएम यादव ने किया बड़ा ऐलान
महाकाल लोक की तरह भोजशाला में भी होगा सरस्वती लोग का निर्माण
@DrMohanYadav51

भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद विवाद पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के फैसले के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को पहली बार भोजशाला परिसर पहुंचे. यहां भोजशाला मंदिर में मां वाग्देवी के दर्शन और पूजन कर सभी के मंगल व कल्याण की कामना की. उन्होंने अपनी यात्रा की जानकारी सोशल मीडिया साइट एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि यह स्थान हमारी सनातन संस्कृति के स्वाभिमान का प्रतीक है. मां वाग्देवी का आशीर्वाद सदैव मध्य प्रदेश पर बना रहे.

इसके  साथ ही उन्होंने इस मामले में कोर्ट के फैसले की सराहना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय बदल चुका है. अब अदालतें मामले को लटकाने और भटकाने के बजाय अब समय पर फैसले देती है. इसके साथ ही उन्होंने धार के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं की. सीएम यादव ने ऐलान किया कि भोजशाला में “वाग्देवी लोक” और भोज संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा, राजा भोज से प्रेरणा लेकर प्रदेश भर में 6 हजार करोड़ का जल संरक्षण कार्यक्रम चल रहा है. 

“वाग्देवी लोक” बनाया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार की पहचान और अस्मिता से जुड़े भोजशाला को लेकर बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि धार में माँ वाग्देवी की पावन स्मृति और महिमा को संजोने के लिए भव्य “वाग्देवी लोक” का निर्माण किया जाएगा. इसके साथ ही, राजा भोज के ऐतिहासिक योगदान, स्थापत्य कला, आयुर्वेद और जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके कार्यों पर गहराई से अध्ययन करने के लिए एक अत्याधुनिक “राजा भोज शोध संस्थान” भी स्थापित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रम संवत 2083 में भोजशाला में दर्शन का यह अद्भुत अवसर धार के इतिहास में एक नए युग की शुरुआत है.

भोजशाला आंदोलन के शहीदों का सम्मान

सांस्कृतिक घोषणाओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने उस संघर्ष को भी याद किया, जो भोजशाला के गौरव को वापस लाने के लिए लड़ा गया था. कार्यक्रम के मंच से सीएम ने भोजशाला आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले तीन अमर शहीदों—बनसिंह, अंतरसिंह और लक्ष्मण सिंह के परिजनों का शॉल-श्रीफल भेंट कर भावपूर्ण सम्मान किया. इसके साथ ही सरकार की तरफ से प्रत्येक शहीद परिवार को ₹5-5 लाख की सम्मान निधि/सहायता राशि देने का ऐलान किया गया. इस दौरान पूरे पंडाल ने दो मिनट का मौन रखकर वीर आत्माओं को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

 ₹88 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

धार के इंफ्रास्ट्रक्चर और स्थानीय निवासियों को सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने ₹88 करोड़ 40 लाख की लागत वाले 12 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया. इस मौके पर शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को ऋण, सब्सिडी और सहायता राशि के चेक व प्रमाण पत्र भी सौंपे गए.

 जल संरक्षण में धार का शानदार प्रदर्शन 

जल स्रोतों को बचाने के लिए चलाए जा रहे 'जल गंगा संवर्धन अभियान' पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने धार जिले के निवासियों और प्रशासन की जमकर पीठ थपथपाई. उन्होंने गर्व से बताया कि जल संरचनाओं के पुनरुद्धार के मामले में धार जिला पूरे मध्य प्रदेश में छठवें स्थान पर है. अपनी घोषणाओं के बाद सीएम खुद धारेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा धारेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने देवी सागर तालाब पर पहुंचकर खुद कुदाल थामी और श्रमदान किया. मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद विशाल जनसमुदाय को पानी की एक-एक बूंद को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों की रक्षा करने का संकल्प भी दिलाया.

यह भी पढ़ें- कथित 'लव जिहाद' के नाम पर होटल में उधम मचाना पड़ा भारी, पुलिस ने एफआईआर कर शुरू की कार्रवाई

इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान मंच पर केंद्रीय राज्य मंत्री व धार सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर, धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और स्थानीय विधायक श्रीमती नीना वर्मा सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने धार के विकास के इस नए रोडमैप की सराहना की.

यह भी पढ़ें- अगर पुलिस नहीं कर रही है आपकी सुनवाई, तो सीधे SP तक ऐसे पहुंचाएं अपनी बात, जारी हुआ स्पेशल QR Code

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close