विज्ञापन

भिंड में संबल योजना में 3.40 करोड़ की धोखाधड़ी: महिला सहित 3 गिरफ्तार, दो पूर्व CMO फरार

भिंड नगर पालिका में संबल योजना के तहत करोड़ों रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो पूर्व सीएमओ फरार हैं.

भिंड में संबल योजना में 3.40 करोड़ की धोखाधड़ी: महिला सहित 3 गिरफ्तार, दो पूर्व CMO फरार

Madhya Pradesh Hindi News: नगर पालिका भिंड (Bhind Municipality) में मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी संबल योजना (Sambal Yojana) के तहत करोड़ों रुपये के बड़े घोटाले का खुलासा हुआ था. इस मामले में पुलिस ने महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नगर पालिका के तत्कालीन दो सीएमओ अभी भी फरार बताए जा रहे हैं. जांच में सामने आया है कि घोटाले की कुल राशि करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये है. इस घोटाले में कुल छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं.

पुलिस के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा सुनियोजित तरीके से लंबे समय से चल रहा था, जिसमें दस्तावेजों में हेराफेरी कर फर्जी लाभार्थी बनाकर उनके नाम पर राशि स्वीकृत कराई जाती थी और बाद में यह राशि आरोपियों के रिश्तेदारों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी.

नगर पालिका बाबू राजेन्द्र चौहान मास्टरमाइंड

जांच में खुलासा हुआ है कि नगर पालिका में पदस्थ बाबू राजेन्द्र सिंह चौहान इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड है. वह पहले ही इसी घोटाले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है. पुलिस का कहना है कि राजेन्द्र चौहान ही अपने इन दलालों के माध्यम से फर्जी दस्तावेजों को तैयार कराने, सत्यापन कराने और भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता था.

ऑनलाइन दुकान संचालक बनाता था फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र

पकड़े गए तीन आरोपियों में से एक जितेंद्र वर्मा है, जो ऑनलाइन दुकान चलाता था. पुलिस के अनुसार, जितेंद्र वर्मा अपनी दुकान से संबल योजना के फर्जी लाभार्थियों के नाम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करता था. इन्हीं प्रमाण पत्रों के आधार पर लाभार्थियों के नाम संबल योजना की राशि स्वीकृत कराई जाती थी.

इसके बाद स्वीकृत धनराशि को सीधे आरोपियों और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराया जाता था. इस तरीके से लाखों रुपये का भुगतान कराया गया.

रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर हड़पते थे राशि

सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत के मुताबिक सभी आरोपी घोटाले की रकम अपने नाम पर न लेकर रिश्तेदारों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे, ताकि जांच में आसानी से पकड़ में न आएं. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कई-कई बैंक खाते खुलवाकर उन्हें ट्रांजेक्शन के लिए इस्तेमाल किया।

बैंक खातों में लाखों रुपये का लेन-देन

पुलिस जांच में बैंक खातों से जुड़ा बड़ा डेटा सामने आया है. आरोपी संतोष शाक्य के 10 बैंक खातों में करीब 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए. आरोपी मंजू अर्गल के 16 बैंक खातों में 32 लाख रुपये जमा कराए गए. वहीं, ऑनलाइन दुकान संचालक जितेंद्र वर्मा के खाते में 2 लाख रुपये और उसकी मां के खाते में भी 2 लाख रुपये ट्रांसफर कुक 56 लाख पाएं गए.

इसमें से 17 लाख रुपये का हिस्सा नगर पालिका का बाबू मास्टरमाइंड राजेन्द्र सिंह चौहान के खाते में डाले गए. पुलिस के मुताबिक इन सभी खातों की जानकारी और व्यवस्था मुख्य आरोपी नगर पालिका बाबू राजेन्द्र सिंह चौहान द्वारा उपलब्ध कराई जाती थी. घोटाले की रकम इन्हीं खातों में डालकर धीरे-धीरे निकाली जाती थी.

दस्तावेजों में हेराफेरी कर बनाई गई फर्जी सूची

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने संबल योजना के तहत ऐसे लोगों के नाम जोड़ दिए जो पात्र नहीं थे. कई मामलों में मृतक दर्शाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर राशि स्वीकृत कराई गई. दस्तावेजों में हेराफेरी कर नगर पालिका से भुगतान प्रक्रिया पूरी कराई जाती थी.

दो तत्कालीन CMO की तलाश जारी

इस पूरे मामले में पुलिस को नगर पालिका के तत्कालीन सीएमओ वीरेंद्र तिवारी और सूरेन्द्र शर्मा।की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है. पुलिस ने बताया कि दोनों पूर्व CMO फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

पुलिस कर रही आगे की जांच

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. साथ ही बैंक खातों, फर्जी दस्तावेजों और ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि इस घोटाले में और भी लोगों की भूमिका सामने आ सकती है, जिन पर आगे कार्रवाई की जाएगी. भिंड नगर पालिका में संबल योजना से जुड़ा यह घोटाला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस और प्रशासन अब पूरे मामले की परत-दर-परत जांच कर रहे हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close