राई धुन से नाखुश बाराती ने बैंड वाले को मारी गोली, अब महाशिवरात्रि पर बैंड न बजाने का ऐलान

सागर में बारात के दौरान राई नृत्य की धुन बजाने को लेकर हुए विवाद में 15 वर्षीय बैंड सदस्य विवेक बंसल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और अवैध हथियार की तलाश जारी है. विरोध में जिलेभर की बैंड पार्टियों ने महाशिवरात्रि पर बैंड न बजाने का फैसला किया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश के सागर शहर में बारात के दौरान हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की तलाश जारी है.

सरोज होटल के पास हुई वारदात

लोकेश कुमार सिन्हा, ASP  के अनुसार बड़ा बाजार निवासी भरत सोनी के पुत्र मयंक सोनी का विवाह समारोह था. 12 फरवरी की रात सागर के सरोज होटल की ओर जा रही थी. जब बारात गोला कुआं क्षेत्र के पास पहुंची, तभी बैंड बजा रहे 15 वर्षीय विवेक बंसल पर एक युवक ने अवैध पिस्टल से फायर कर दिया. गोली विवेक के सीने को चीरते हुए आर-पार हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि विवाद राई नृत्य की धुन बजाने को लेकर हुआ था. मृतक विवेक के साथियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी प्रशांत पटेल बारात में आया और राई नृत्य की धुन बजाने के लिए कहने लगा. विवेक पहली बार बैंड में शामिल हुआ था और धुन ठीक से नहीं बजा पा रहा था. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसके सीने पर पिस्टल तान दी और गोली चला दी.

जिलेभर की बैंड पार्टियों में रोष व्याप्त

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अवैध हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं.

इधर इस दर्दनाक घटना के बाद जिलेभर की बैंड पार्टियों में रोष व्याप्त है. बैंड संचालकों और कर्मचारियों ने निर्णय लिया है कि विरोध स्वरूप महाशिवरात्रि के दिन जिले में कोई भी बैंड बाजा नहीं बजाया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
 

Advertisement