विज्ञापन
This Article is From Feb 01, 2026

भीड़तंत्र का तांडव, भीख मांग रहे दो साधुओं से पहले मांगा हिंदू होने का सबूत, फिर जमकर की पिटाई-वीडियो वायरल

दो साधु भिक्षा मांगते हुए भिंड के बाईपास क्षेत्र से गुजर रहे थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिए. बताया जा रहा है कि साधु युवक के सवालों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए. इसी बात को लेकर युवक आक्रोशित हो गया और साधुओं को “हिंदू नहीं” बताते हुए उनके साथ गाली-गलौज करने लगा.

भीड़तंत्र का तांडव, भीख मांग रहे दो साधुओं से पहले मांगा हिंदू होने का सबूत, फिर जमकर की पिटाई-वीडियो वायरल

Sadhu Beaten in Bhind: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से भावनाओं को आहत करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. दरअसल, शहर के बाईपास क्षेत्र में निरंजन वाटिका के पास भिक्षा मांग रहे दो साधुओं के साथ कुछ युवकों की ओर से सरेआम मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, दो साधु भिक्षा मांगते हुए बायपास क्षेत्र से गुजर रहे थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिए. आरोप है कि युवकों ने साधुओं से पहले ब्राह्मण होने का प्रमाण मांगा. इसके बाद उसने महाभारत के पात्रों के नाम पूछे और रामायण की चौपाइयों के बारे में सवाल किए. साधुओं से भगवान शंकर की पत्नी और लक्ष्मण की पत्नी के नाम भी पूछे गए. बताया जा रहा है कि साधु युवक के सवालों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए. इसी बात को लेकर युवक आक्रोशित हो गया और साधुओं को “हिंदू नहीं” बताते हुए उनके साथ गाली-गलौज करने लगा.

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

आरोप है कि इसके बाद युवक ने दोनों साधुओं को घेरकर सरेआम उनके साथ मारपीट की. वीडियो में एक युवक ने तो बाल पकड़कर खींचता दिख रहा है. मौके पर मौजूद कुछ लोग तमाशबीन बने रहे, किसी ने बीच-बचाव करने का प्रयास नहीं किया. वायरल वीडियो में आरोपी युवक यह दावा करता नजर आ रहा है कि साधुओं के पास मौजूद दस्तावेज उर्दू भाषा में लिखे हुए थे. युवक ने सवाल उठाया कि यदि साधु हिंदू हैं और भगवा वस्त्र धारण किए हुए हैं, तो उनके पास उर्दू में दस्तावेज क्यों हैं. वीडियो में युवक को यह भी कहते हुए सुना जा सकता है कि साधुओं के बैग में कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री मिली है और भगवा पहनकर ढोंग किया जा रहा है. युवक ने इसे सनातन धर्म का मजाक बताते हुए तीखे बयान दिए, जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हो रहे हैं.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद साधु काफी डरा हुआ दिखाई दिया. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि साधुओं ने थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है या नहीं. वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. पुलिस का स्पष्ट कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. धार्मिक पहचान के आधार पर किसी से पूछताछ करना और मारपीट करना गंभीर अपराध है. पुलिस ने वीडियो फुटेज को जब्त कर लिया है. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें- 'काजू-कॉफी बड़े लोगों के लिए,हमें अनाज के सही दाम दें',बजट पर छलका सीहोर के किसानों का दर्द

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की. यह मामला न केवल कानून-व्यवस्था से जुड़ा है, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी एक गंभीर चेतावनी माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें- Madhya Pradesh: मौसम ने फिर बदली करवट! नीमच के आसपास मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com