विज्ञापन
This Article is From Jun 27, 2025

गमी में गया था परिवार, एक फोन कॉल पर लौटा; जब घर की हालत देखी तो उड़ गए होश

Madhya Pradesh Hindi News: सतना जिले में रहने वाला एक परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था, जब पड़ोसी ने उनको बताया तो वह एक फोन कॉल पर ही लौटकर चले आए.

गमी में गया था परिवार, एक फोन कॉल पर लौटा; जब घर की हालत देखी तो उड़ गए होश

Satna Crime News: सतना जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आने वाले बजरहा टोला में घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नगद राशि की चोरी हो गई. घटना को 17 जून से लेकर 26 जून के बीच अंजाम दिया गया. चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने मौका मुआयना तो किया लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की. पुलिस पीड़ित पक्ष से चोरी हुए सोने-चांदी के जेवर की रसीद लाने को कह रही है.

पीड़ित सुनील कुमार रवि ने बताया कि बीते 17 जून को उनकी सास का देहांत हो गया था. इसके बाद पूरा परिवार गमी में शामिल होने के लिए रीवा गया हुआ था. घर का ताले बंद कर सभी लोग रीवा में थे. इसी बीच अज्ञात चोर सीढ़ी से अंदर आए और मुख्य गेट को छोड़कर अंदर के सभी ताले तोड़कर कीमती सोने चांदी के जेवरात और घर में रखा 80 हजार रुपये नगद चुरा ले गए.

पुलिस ने घर के अंदर जाने से किया मना

पड़ोसी ने 26 जून को फोन पर सूचना दी, जब घर पहुंचे तो सारा सामान बिखरा पड़ा था. देर रात घटना से पुलिस को अवगत कराया गया. सिटी कोतवाली से दो पुलिसकर्मी मौका मुआयना के लिए पहुंचे और घर के अंदर जाने से मना कर दिया. दोपहर तक पुलिस का इंतजार करते रहे जब कोई नहीं आया तो थाने में जाकर आवेदन दिया. तभी उनसे चोरी गए सामान की रसीद मांगी गई.

एमपी ऑनलाइन की दुकान चलाता है पीड़ित

बताया जाता है कि जिस घर को चोरों ने निशाना बनाया उसका मालिक प्रणामी मंदिर के पास एमपी ऑनलाइन की दुकान चलाता है. संभवत चोरों को उनके बाहर होने की पूरी जानकारी थी, यही वजह है कि उनके द्वारा सरिया के सहारे सभी ताले तोड़ दिए गए और इत्मीनान के साथ चोरी की गई. फिलहाल पुलिस अभी इस मामले में कोई प्रक्रिया देने से बच रही है.

ये भी पढ़ें- महिलाएं करती रेकी और पुरुष चोरियां, सोने के मुकुट और चरण पादुका चुराईं; गैंग ने 7 मंदिरों को बनाया निशाना

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close