मध्य प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में गुरुवार को हुए सड़क हादसों ने हर किसी को झकझोर दिया. छिंदवाड़ा और सीहोर में ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाओं में 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. दोनों ही मामलों में पुलिस जांच में जुट गई है.
छिंदवाड़ा: 300 फीट गहरी खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली
छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में गोरखघाट पुलिया के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के समय ट्रॉली में लगभग 30 लोग सवार थे.
दुर्घटना में 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी श्रद्धालु मुलताई की ओर से आ रहे थे. गोरखघाट पुलिया के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे उतरकर पलटते हुए गहरे गड्ढे में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. जुन्नारदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला. सभी घायलों को पहले जुन्नारदेव अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद तामिया अस्पताल रेफर किया गया. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
सीहोर: सलकनपुर के पास पलटी ट्रॉली, 2 दर्जन से अधिक घायल
सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र में सलकनपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से करीब 23 से 27 लोग घायल हो गए. घायलों में महिलाएं और 7 से 15 साल के बच्चे भी शामिल हैं. सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे.
हादसे में 6 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें नर्मदापुरम रेफर किया गया है. बाकी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.