Road accident in Rewa: मध्य प्रदेश के रीवा में भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं. ये सभी शादी का कार्ड बांटने गए थे. जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी.
तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को मारी टक्कर
रीवा शहर के बाईपास जिऊला कोस्ट मोड पर तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. बाइक पर तीन लोग सवार थे, तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, विश्वकर्मा परिवार में शादी थी और तीनों शादी का कार्ड बांटने निकले थे. मंनगवा से कार्ड बांट कर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया. हादसा घर से महज 2 किलोमीटर दूर हुआ था.
यह हादसा आज दोपहर नेशनल हाईवे रीवा-बनारस मार्ग पर जिऊला कोस्टा मोड पर हुआ. चश्मदीदों की माने तो कार की रफ्तार काफी तेज थी.
शादी के घर में पसरा मातम
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार तीनों लोगों को रौंदती हुई ऑडी कार डिवाइडर से जा टकराई. जिसके चलते बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौत हो गई. सबसे दुखद बात ये थी कि बाइक सवार विश्वकर्मा परिवार के घर शहनाइयां बजने वाली थी. घर में शादी थी, परिवार शादी का कार्ड बांटने निकला था. लेकिन खुशी देखते ही देखते मातम में बदल गई. इस हादसे में शीतल विश्वकर्मा, शिवम विश्वकर्मा और भागवत विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई.
नेशनल हाईवे पर लगा जाम
बताया जा रहा है कि शीतल विश्वकर्मा वहीं पास की रतहरा की रहने वाली थी. वहीं शिवम और भागवत चचाई के रहने वाले हैं. हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया. परिजन रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां तीनों का पोस्टमार्टम किया जाएगा. बता दें कि हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर जाम लग गया, जिसे खुलवाने में रीवा यातायात पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.