Rewa Police Action: रीवा में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. समान थाना पुलिस ने बाणसागर तालाब के पास छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 2 देसी कट्टे और 2 पिस्टल बरामद हुई हैं. पुलिस को पहले से सूचना थी कि आरोपी यहां हथियार बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
समान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बाणसागर तलैया के पास पीले रंग के झोले में अवैध हथियार लेकर खड़े हैं और ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी.
भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी
पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध वहां से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास मौजूद झोलों से हथियार बरामद हुए. तलाशी के दौरान एक के बाद एक कुल चार हथियार मिले. इनमें दो 12 बोर के देशी कट्टे और दो देशी पिस्टल शामिल हैं. जब पुलिस ने इन हथियारों के दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके.
दोनों आरोपियों की पहचान हुई
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम समीर खान (26 वर्ष), निवासी बिछिया थाना क्षेत्र और रितेश दुबे उर्फ लक्की (25 वर्ष), निवासी मनगवां बताया. दोनों ही आरोपी फिलहाल बिछिया इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(A) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. बरामद किए गए हथियारों को जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये आरोपी हथियार कहां से लाते थे और किन लोगों को सप्लाई करने वाले थे. माना जा रहा है कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है, जिसकी कड़ियां जोड़ने में पुलिस जुट गई है.