विज्ञापन

दुष्कर्म के आरोपी की हत्या: आंखें फोड़ीं, गला घोंटकर शव कुएं में फेंका, पीड़िता के पिता-भाई समेत 4 गिरफ्तार

MP News: नर्मदापुरम में दुष्कर्म के आरोपी युवक की पीड़िता के परिजनों ने बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

दुष्कर्म के आरोपी की हत्या: आंखें फोड़ीं, गला घोंटकर शव कुएं में फेंका, पीड़िता के पिता-भाई समेत 4 गिरफ्तार
Rape Accused Murdered in Narmadapuram Madhya Pradesh Victim Family Arrested
Sanjay Dubey

 MP News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में कानून को हाथ में लेने की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां दुष्कर्म के आरोपी 24 वर्षीय युवक विश्वास उर्फ छोटू गुर्जर की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को निर्वस्त्र कर कुएं में फेंक दिया गया. जांच अधिकारी मनमोहन ठाकुर (बनखेड़ी पुलिस) के अनुसार, मृतक पर पीड़िता के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप था. हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था. आरोप है कि बाहर आने के बाद वह पीड़िता और उसके परिवार को लगातार धमका रहा था, जिससे परिवार भयभीत था.

शादी का झांसा देकर ले गए, फिर की हत्या

12 अप्रैल 2026 की रात आरोपी पीड़िता के परिजन विश्वास के घर पहुंचे और उसे शादी का झांसा दिया. वह उनकी बातों में आ गया. इसके बाद उसे कार में बैठाकर करीब 35 किलोमीटर दूर नंदवाड़ा के सुनसान इलाके में ले जाया गया. वहां दो लोगों ने उसके हाथ-पांव पकड़े, जबकि अन्य दो ने डंडों से जमकर पिटाई की. आरोप है कि इसके बाद उसकी आंखें फोड़ दी गईं और गला घोंटकर हत्या कर दी गई.

शव छिपाने के लिए कुएं में फेंका

हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को निर्वस्त्र कर खेत के कुएं में फेंक दिया गया. वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी रायसेन जिले के छींद स्थित हनुमान धाम मंदिर में जाकर छिप गए. हैरानी की बात यह रही कि वे तीन दिनों तक मंदिर में ही रहे और भंडारे में भोजन कर गिरफ्तारी से बचते रहे.

ऐसे पकड़ में आए आरोपी

मृतक के भाई ने बनखेड़ी थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई. जांच के दौरान जब पुलिस पीड़िता के घर पहुंची तो वहां पुरुष सदस्य गायब मिले. मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 15 अप्रैल को चारों आरोपियों को मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया. उनकी निशानदेही पर कुएं से शव बरामद किया गया. फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com