विज्ञापन
This Article is From Mar 01, 2026

पटवारी ने नाबालिग छात्रा का नहाते हुए बनाया वीडियो, ग्रामीणों ने की जमकर पिटाई, पुलिस ने बचाया

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में इंसानियत शर्मसार! पटवारी महेश साहू ने किराए पर रह रही नाबालिग छात्रा का नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाया. घटना का खुलासा होते ही ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी.

पटवारी ने नाबालिग छात्रा का नहाते हुए बनाया वीडियो, ग्रामीणों ने की जमकर पिटाई, पुलिस ने बचाया

Patwari Viral Video Case: राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने समाज में भरोसे और इंसानियत को तार-तार कर दिया है. यहां एक पटवारी ने अपने ही घर में पढ़ाई के लिए रह रही एक नाबालिग छात्रा का नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बना लिया. इस शर्मनाक हरकत का पता चलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लहूलुहान हालत में आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया.

पढ़ाई के नाम पर दिया धोखा

खिलचीपुर के इमली स्टैंड इलाके में रहने वाले 50 वर्षीय पटवारी महेश साहू के घर में आसपास के गांवों की कई नाबालिग लड़कियां किराए पर रहकर पढ़ाई करती थीं. आरोपी की पत्नी पिछले एक हफ्ते से राजस्थान गई हुई थी और वह घर में अकेला था. शनिवार की सुबह जब 11वीं की एक छात्रा परीक्षा देने जाने से पहले नहाने के लिए बाथरूम में गई, तभी महेश साहू ने अपनी नीचता दिखाई. उसने बाथरूम के दरवाजे के ऊपर लगी जाली से अपने मोबाइल के जरिए छात्रा के दो-तीन वीडियो रिकॉर्ड कर लिए.

छात्रा ने दिखाई हिम्मत  

जब पटवारी वीडियो बना रहा था, तब छात्रा ने उसे संदिग्ध हालत में देख लिया था, लेकिन डर और परीक्षा के दबाव के कारण वह उस वक्त चुप रही. परीक्षा देकर लौटने के बाद उसने अपनी सहेलियों और परिजनों को पूरी बात बताई. शनिवार रात करीब 9 बजे छात्रा के परिजन और दर्जनों ग्रामीण पटवारी के घर जा धमके. गुस्साए लोगों ने जब आरोपी का मोबाइल छीनकर चेक किया, तो डिलीट फोल्डर (रीसायकल बिन) में छात्रा के वीडियो मिल गए. सबूत सामने आते ही भीड़ का सब्र टूट गया और उन्होंने पटवारी को पीटना शुरू कर दिया.

पुलिस ने भीड़ से बचाकर किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालात इतने तनावपूर्ण थे कि भीड़ आरोपी को जान से मारने पर आमादा थी और मारपीट में उसके कपड़े तक फट गए थे. पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर आरोपी महेश साहू को भीड़ से निकाला और सुरक्षित थाने ले आई. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर भी जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे.

डिजिटल सबूतों ने खोली पोल

थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि आरोपी ने बचने के लिए मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिए थे, लेकिन पुलिस और परिजनों ने डिजिटल रिकवरी के जरिए उन्हें बरामद कर लिया है. पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77, पॉक्सो एक्ट की धारा 13/14 और आईटी एक्ट की धारा 66 (e) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना ने एक बार फिर बाहर रहकर पढ़ाई करने वाली बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com