जबलपुर में एकतरफा प्यार का खूनी हमला, शादी से इनकार पर युवती को 10 से ज्यादा बार चाकू से गोदा

घटना भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के शिवालय परिसर रोड की है. गोरखपुर निवासी शुभम जांगड़े ने युवती को रास्ते में रोका और दोबारा शादी के लिए कहा. मना करने पर चाकू निकालकर सिर, चेहरा, गर्दन, हाथ और पीठ पर 10 से अधिक बार वार किए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में युवती को कई बार चोकू से गोदा.
NDTV

जबलपुर जिले के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार की सनक ने एक युवती की जिंदगी को मौत के मुहाने पर पहुंचा दिया. शादी से इनकार करने की कीमत 27 वर्षीय युवती को अपने खून से चुकानी पड़ी. आरोपी शुभम जांगड़े ने बीच सड़क पर युवती को रोककर उस पर 10 से अधिक बार चाकू से हमला कर दिया. सिर, चेहरा, गर्दन, हाथ और पीठ पर हुए ताबड़तोड़ वार से युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी.

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और बाद में भेड़ाघाट पुलिस के हवाले कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. पुलिस के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.

Advertisement

पहले चल रही थी शादी की बात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले युवती की शादी की बात गोरखपुर निवासी शुभम जांगड़े से चल रही थी. हालांकि, पारिवारिक कारणों और कुंडली का मिलान नहीं होने के कारण रिश्ता तय नहीं हो सका. इसके बाद युवती ने शादी से स्पष्ट इनकार कर दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी इस बात को स्वीकार नहीं कर सका और लगातार युवती पर शादी का दबाव बनाता रहा.

रास्ते में रोककर शादी के लिए पूछा

घटना के दिन युवती शिवालय परिसर रोड से गुजर रही थी. इसी दौरान शुभम जांगड़े मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, उसने युवती का रास्ता रोका और दोबारा शादी के लिए कहा. युवती के मना करते ही आरोपी ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही क्षणों में युवती लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी और आसपास अफरा-तफरी मच गई.

सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- महिला और पुरुष को हाथ बांधकर पूरे गांव में घुमाया, बड़वानी में परिवार ने ही दी 'तालिबानी सजा'

Advertisement
Topics mentioned in this article