नरवर किले से चोरी ऐतिहासिक तोप से बांध उड़ाने की साजिश? पुल‍िस को राजस्थान से मिले अहम सुराग, जानें मामला 

शिवपुरी के नरवर किले से चोरी हुई ऐतिहासिक तोप मामले में राजस्थान से बड़े सुराग मिले हैं. चर्चा है कि बांध उड़ाने की साजिश के तहत तोप चोरी की गई थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
इसी कचहरी में रखी थी 14 तोपें.

शिवपुरी: जिले के प्राचीन और प्रसिद्ध नरवर किले से चोरी हुई ऐतिहासिक तोप के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले की जांच कर रही शिवपुरी पुलिस को पड़ोसी राज्य राजस्थान से महत्वपूर्ण इनपुट्स हासिल हुए हैं. जिसके आधार पर आरोप‍ियों की तलाश की जा रही है. सबसे हैरानी वाली बात यह है क‍ि तोप से बांध उड़ाने की साजिश रचने की जानकारी समाने आई है. बता दें कि नरवर के किले से 15 जुलाई 2026 को प्राचीन तोप चोरी हुई थी. पुलिस ने आरोपियों पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है.

राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर करौली में छापेमारी

पुलिस छानबीन में सामने आया है क‍ि नरवर किले से तोप चोरी करने के बाद आरोपी उसे राजस्थान सीमा में ले गए हैं. राजस्थान से मिले इनपुट के आधार पर शिवपुरी पुलिस ने करौली (राजस्थान) पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तोप की बरामदगी और शातिर चोरों की धरपकड़ के लिए एक संयुक्त रणनीति तैयार की है. शिवपुरी पुलिस की विशेष टीम राजस्थान पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. पड़ताल के दौरान पुलिस के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं.

Advertisement

खास मकसद के लिए चोरी हुई तोप: बांध उड़ाने की थी साजिश?

तोप चोरी के मामले में सूत्रों और चर्चाओं के अनुसार, इस प्राचीन तोप को एक विशेष और खतरनाक मकसद से चोरी किया गया था. बताया जा रहा है कि इस तोप के जरिए एक मिट्टी के बांध को उड़ाने की योजना थी. हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी इस बात की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस चर्चा ने मध्य प्रदेश और राजस्थान दोनों राज्यों के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है. 

धरोहर सुरक्षा पर उठे सवाल

नरवर का किला अपनी ऐतिहासिक विरासत और बेजोड़ स्थापत्य कला के लिए जाना जाता है. किले से प्राचीन तोप चोरी होने की घटना के बाद से ही स्थानीय नागरिकों और इतिहास प्रेमियों में भारी आक्रोश था.

पुलिस जल्‍द करेगी मामला का खुलासा 

शिवपुरी पुलिस के अधिकारी ने कहा- "राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर सटीक लोकेशन और संदिग्धों पर लगातार नजर रखी जा रही है. मिले सुरागों के आधार पर जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है. जल्द ही पूरी वारदात का खुलासा कर चोरी गई ऐतिहासिक तोप को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा."

सिंधिया काल की 500 साल पुरानी ऐतिहासिक तोप चोरी, 30 बदमाश क्रेन-ट्रक से आए, 3000 किलो की तोप लेकर चले गए