Silent Heart Attack: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम के ग्वालटोली रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गुरुवार 5 मार्च की रात एक होटल संचालक की खाना परोसते समय साइलेंट हार्ट अटैक से मौत हो गई. मृतक की पहचान सिंधी कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय अशोक नवलानी के रूप में हुई है. घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार 7 मार्च को सुबह सामने आया है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाला है.
वीडियो में दिख रहा है कि होटल संचालक अशोक नवलानी खाना खाने आए ग्राहकों के लिए खाना परोस रहे थे. उन्होंने थाली में एक सब्जी रखी और जैसे ही दूसरी सब्जी रखने के लिए झुके, अचानक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े. होटल में मौजूद उनके छोटे भाई पप्पन नवलानी और कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल नजर नहीं आई.
VIDEO: लड़ाई में बीच-बचाव करने की सजा, एक घंटे तक बेल्ट, लात-घूंसे बरसाए, नीली पड़ गई पूरी पीठ
भाई ने दिया सीपीआर
पप्पन ने तुरंत मौके पर ही भाई अशोक को सीपीआर देना शुरू किया, लेकिन शरीर में कोई हरकत नजर नहीं आई. इसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी हृदय रोग विशेषज्ञ के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
भाई के साथ मिलकर चलाते थे होटल
डॉक्टरों के अनुसार साइलेंट अटैक में व्यक्ति को संभलने का मौका भी नहीं मिलता. अशोक नवलानी अपने भाई के साथ मिलकर होटल चलाते थे और उस रात भी रोज की तरह अपने काम में व्यस्त थे. इस घटना ने एक बार फिर अचानक बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है.