विज्ञापन

MP Weather: मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का IMD अलर्ट, जानें किस दिन आएगा मानसून?

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच प्री-मानसून गतिविधियों ने दस्तक दे दी है, जिससे भोपाल सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और 90 किमी/घंटा तक की रफ्तार से आंधी चलने का 'सीवियर थंडरस्टॉर्म' अलर्ट जारी किया है. इस साल एमपी में मानसून सामान्य से थोड़ी देरी से यानी 20 से 22 जून के बीच आने की संभावना है.

MP Weather: मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का IMD अलर्ट, जानें किस दिन आएगा मानसून?
भोपाल में 4 जून 2026 को बारिश के दौरान गुजरती महिलाएं.
IANS

MP Weather: मध्य प्रदेश के मौसम का मिजाज इन दिनों कई रंग दिखा रहा है. कहीं यह भीषण गर्मी से लोगों को बेहाल कर रहा है, तो राजधानी भोपाल समेत कई जगहों पर प्री-मानसून की गतिविधियां भी देखने को मिल रही हैं. राज्य में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल रही तेज हवाएं आफत बन रही हैं. इस बीच सुकून देने वाली बात यह है कि मानसून 2026 की तारीख भी सामने आ गई है. हालांकि, मध्य प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य की तुलना में कुछ दिन की देरी से आने वाला है.

भोपाल में 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी

राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम को तेज हवाओं और बारिश ने दिनभर की भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी. शहर में करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली, जिसकी वजह से कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं. इसके चलते कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई. कई जगहों पर होर्डिंग्स गिरने की भी खबरें हैं.

मध्य प्रदेश मौसम विभाग का अनुमान

भोपाल के अलावा मध्य प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मध्य प्रदेश मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं. अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रह सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री सामान्य से कुछ दिन देरी से हो सकती है. प्रदेश में 20 से 22 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना है.

मध्य प्रदेश में 'सीवियर थंडरस्टॉर्म' का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए 'सीवियर थंडरस्टॉर्म' (तीव्र आंधी-तूफान) का अलर्ट जारी किया है और आम जनता से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. अनुमान है कि भोपाल और सीहोर में 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया है. भोपाल, बैरागढ़ एयरपोर्ट, सीहोर, राजगढ़ और देवास में अगले कुछ घंटों में 'सीवियर थंडरस्टॉर्म' का असर देखने को मिल सकता है.

मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

मौसम विभाग ने नर्मदापुरम, विदिशा, हरदा, रायसेन, दमोह, जबलपुर, शाजापुर, अनूपपुर, अमरकंटक, खंडवा और बुरहानपुर के लिए 'मॉडरेट थंडरस्टॉर्म' (मध्यम आंधी-तूफान) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओले गिरने की भी आशंका है.

मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग का मानना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण कई जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. अनुमान के मुताबिक गुना, आगर, सागर, मंडला, डिंडोरी, कटनी, उमरिया, शहडोल, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज और सीधी में 'लाइट थंडरस्टॉर्म' (हल्की आंधी) के अलर्ट के साथ-साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चल सकती हैं और ओले गिर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: MP में हीटवेव खत्म, आंधी-बारिश से लुढ़का पारा, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट; यहां जानिए अपने जिले का हाल

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close