MP Vidhan Sabha Budget Session 2026 Day 5: मध्यप्रदेश विधानसभा (MP Vidhan Sabha) के बजट सत्र (Budget Session) का आज पांचवां दिन है. प्राप्त जानकारी के अनुसार सदन में आज सामान्य बजट पर चर्चा होनी है, जिसके लिए 4 घंटे का समय तय किया गया है. इसके साथ ही तीन अशासकीय संकल्प, 10 ध्यानाकर्षण और 74 याचिकाएँ भी सदन में पेश की जाएंगी. CAG Report के बाद साल 2026-27 के मुख्य बजट पर सामान्य चर्चा शुरू होगी, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं.
भर्ती घोटाले पर सदन में गरमाहट, सत्ता पक्ष के दो विधायक भी सवालों में शामिल
ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में हुई कथित अनियमित भर्तियों का मुद्दा आज सदन में गरमाने वाला है. इस मामले की सबसे बड़ी बात यह है कि सरकार को घेरने वालों में न सिर्फ विपक्ष बल्कि सत्ताधारी दल भाजपा के दो विधायक भी शामिल हैं. बीजेपी विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, बृजेन्द्र यादव और कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर इस भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाएंगे.
दैनिक वेतन भोगियों के वेतनमान का मुद्दा भी उठेगा
कांग्रेस विधायक अजय सिंह प्रदेश के दैनिक वेतन भोगी, स्थाई और कार्यभारित कर्मचारियों के वेतनमान को लेकर ध्यानाकर्षण सूचना देंगे. उनका कहना है कि इन कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएँ नहीं मिल रही हैं. अमरपाटन से विधायक डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह बाण सागर परियोजना के विस्थापितों को भूमि और भूखंडों की रजिस्ट्री न होने का मुद्दा उठाएंगे. वहीं कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा और सचिन यादव धान मिलिंग नीति और राइस मिल उद्योग के सामने आए संकट पर सरकार से जवाब मांगेंगे. उनका कहना है कि अपग्रेडेशन राशि के आदेश लंबित रहने से उद्योग बंद होने की कगार पर है.
रेल और सिंचाई परियोजनाओं को लेकर अशासकीय संकल्प
आज सदन में कई महत्वपूर्ण ‘अशासकीय संकल्प' भी पेश होंगे. होशंगाबाद विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा भोपाल–इटारसी के बीच नई MEMU ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव रखेंगे. वरिष्ठ विधायक डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह रीवा-अमरपाटन-मैहर-कटनी-रामनगर-सीधी-सिंगरौली को जोड़ने वाली नई रेलवे लाइन का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे. विधायक अर्चना चिटनिस नेपानगर तहसील के गांवों में पानी की किल्लत दूर करने के लिए माइक्रो सिंचाई परियोजना की मंजूरी का संकल्प पेश करेंगी.
CAG रिपोर्ट बनेगी दिन का सबसे बड़ा आकर्षण
आज की कार्यवाही का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा होगा CAG रिपोर्ट का सदन में प्रस्तुत होना. उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा यह रिपोर्ट पटल पर रखेंगे, जिसमें लोक निर्माण विभाग की सड़कों और नगर निवेश प्रबंधन से जुड़ी कई गंभीर ऑडिट टिप्पणियाँ शामिल होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : MP Vidhan Sabha: थाली लेकर पहुंचे विपक्षी नेता; बजट सत्र के चौथे दिन कांग्रेस ने इन मुद्दों पर सरकार को घेरा
यह भी पढ़ें : PMUY: रायसेन में उज्ज्वला योजना की जमीनी हकीकत उजागर; कई गांव आज भी गैस कनेक्शन से वंचित, देखिए NDTV पड़ताल
यह भी पढ़ें : Durg: म्यूल अकाउंट्स से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क; चार गिरफ्तार, किराए के मकान में करोड़ों का खेल
यह भी पढ़ें : नर्मदापुरम: दहेज में 3 लाख और बाइक की मांग पर टूटी शादी, दूल्हे और पिता पर FIR