विज्ञापन

MP Vidhan Sabha Budget Session 2026: बजट सत्र के दूसरे दिन आएगा तीसरा अनुपूरक बजट; सदन में गूंजेंगे ये मुद्दे

MP Vidhan Sabha Budget Session 2026: मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन आज है. विधानसभा में तीसरा अनुपूरक बजट पेश होगा. बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया था.

MP Vidhan Sabha Budget Session 2026: बजट सत्र के दूसरे दिन आएगा तीसरा अनुपूरक बजट; सदन में गूंजेंगे ये मुद्दे
MP Vidhan Sabha Budget Session 2026: बजट सत्र के दूसरे दिन आएगा तीसरा अनुपूरक बजट; सदन में गूंजेंगे ये मुद्दे

MP Vidhan Sabha Budget Session 2026: मध्य प्रदेश विधानसभा (Madhya Pradesh Vidhan Sabha) के बजट सत्र (Budget Session) का आज दूसरा दिन है. सदन में तीसरा अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा 2025–26 के तृतीय अनुपूरक अनुमान का उपस्थान करेंगे. इसके साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित कई विधिक पत्र और समितियों के निर्वाचन प्रस्ताव भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे. वहीं बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया.

भोपाल में स्ट्रीट डॉग समस्या पर गूंजेगी चर्चा

आज के सत्र में नगरीय क्षेत्रों में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या का मुद्दा प्रमुख रहेगा. भोपाल में स्ट्रीट डॉग की जनसंख्या बढ़ने पर विधायक आतिफ अकील और राजन मंडलोई ध्यानाकर्षण के जरिए नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जवाब मांगेंगे.

सीतानगर सिंचाई परियोजना में डीपीआर परिवर्तन का मुद्दा उठेगा

दमोह जिले के सीतानगर की मध्य सिंचाई परियोजना के मूल डीपीआर में हुए कथित परिवर्तन की जांच का मामला भी आज सदन में उठने वाला है. विधायक जयंत मलैया इस विषय पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट का ध्यानाकर्षण करेंगे.

कई अधिनियमों से जुड़े पत्र पटल पर रखे जाएंगे

मंत्री जगदीश देवड़ा, प्रहलाद पटेल, प्रद्युम्न सिंह तोमर, धर्मेंद्र सिंह लोधी, दिलीप अहिरवार अलग-अलग अधिनियमों से जुड़े पत्र सदन के पटल पर रखेंगे. इसके अतिरिक्त 19 याचिकाएँ भी प्रस्तुत की जाएंगी. वित्त मंत्री देवड़ा द्वारा लेखा-जोखा समिति, प्राक्कलन समिति, सरकारी उपक्रम समिति, स्थानीय निकाय संबंधी समिति और पंचायती राज लेखा समितियों के निर्वाचन के प्रस्ताव भी आज लाए जाएंगे.

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा आज; पहले दिन कांग्रेस का हंगामा

बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया. आरोप लगाया गया कि अभिभाषण में नल-जल योजना की खामियों और इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का जिक्र नहीं किया गया. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसे लेकर आपत्ति जताई. विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कई बार आग्रह किया कि चर्चा के दौरान विपक्ष अपनी बात रख सकता है, मगर हंगामा जारी रहा. राज्यपाल ने अभिभाषण समाप्त किया और उनके प्रस्थान के बाद कांग्रेस ने फिर विरोध शुरू कर दिया. इससे कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित करनी पड़ी.

2047 तक 2 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य : राज्यपाल

अपने अभिभाषण में राज्यपाल पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश विकास और प्रगति की राह पर है और वर्ष 2047 तक 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि ‘समृद्ध मध्य प्रदेश 2047 दृष्टि पत्र' राज्य के दीर्घकालिक विकास के लिए तैयार किया गया है. राज्यपाल ने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2025 को उद्योग रोजगार वर्ष के रूप में मनाया गया, जिसके दौरान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और रोड शो के माध्यम से 11 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए.

'नक्सल-मुक्त मध्य प्रदेश, कृषि और जल संरक्षण पर जोर'

उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 तक मध्य प्रदेश पूरी तरह नक्सल-मुक्त हो चुका है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर नियंत्रण जैसे कदमों से सामाजिक सौहार्द्र कायम है. राज्यपाल ने किसानों के लिए 2026 को 'समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश' थीम पर किसान कल्याण वर्ष घोषित करने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, दुग्ध उत्पादन दोगुना करने और ई‑विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों की पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित कराने जैसे कदमों का उल्लेख किया. जल संरक्षण के क्षेत्र में जल गंगा अभियान और अमृत सरोवर योजनाओं के तहत 86 हजार से अधिक तालाब बनाने और 99% से अधिक गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित करने की उपलब्धि भी अभिभाषण में शामिल रही.

यह भी पढ़ें : MP Assembly Budget Session: आज से विधानसभा का बजट सत्र, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत, 18 को पेश होगा डिजिटल Budget

यह भी पढ़ें : Budget 2026: पीएम मोदी ने बजट प्रतिक्रिया में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की तारीफ, वित्त मंत्री ने किया ये ऐलान

यह भी पढ़ें : Budget 2026: गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर विशेष फोकस; MP के CM डॉ मोहन यादव ने बजट पर क्या कुछ कहा

यह भी पढ़ें : Surya Grahan 2026: इस साल का पहला सूर्य ग्रहण आज; जानिए क्यों खास है रिंग ऑफ फायर, क्या भारत पर पड़ेगा असर

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close