विज्ञापन

एमपी में ‘0001 गैंग’ का खूनी खेल: युवक की कनपटी पर मारी गोली, सरगना 'चूहा' समेत कई नामजद, तीन गिरफ्तार 

मध्य प्रदेश के सागर में 0001 गैंग के खूनी खेल ने सनसनी फैला दी है, जहां युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात में गैंग के सरगना यश सोनी उर्फ चूहा समेत कई नामजद हैं, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

एमपी में ‘0001 गैंग’ का खूनी खेल: युवक की कनपटी पर मारी गोली, सरगना 'चूहा' समेत कई नामजद, तीन गिरफ्तार 

0001 Gang Murder Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के सागर में ‘0001 गैंग' का खौफनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है. गुरुवार रात बीच सड़क पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. इस वारदात का आरोप गैंग के सरगना यश सोनी उर्फ ‘चूहा' और उसके साथियों पर लगा है. घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया.

सरेराह गोली मारकर की हत्या

यह सनसनीखेज वारदात मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड में हुई. यहां रहने वाले मयंक साहू पर आरोपियों ने घात लगाकर हमला किया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यश सोनी उर्फ चूहा अपने करीब पांच साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद के दौरान बेहद करीब से मयंक की कनपटी पर गोली मार दी. गोली सिर के पार निकल गई और मयंक की मौके पर ही मौत हो गई.

भाई पर भी चाकू से हमला

हादसे के दौरान जब मयंक का भाई उसे बचाने के लिए आगे आया, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया. उसे चाकुओं से घायल कर दिया गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हमले के बाद इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुरानी रंजिश को लेकर वारदात

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी दुश्मनी का नतीजा है. बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसका अंत इस खूनी घटना के रूप में हुआ. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. बाकी आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

0001 गैंग फिर सुर्खियों में

इस घटना के बाद ‘0001 गैंग' का नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गैंग के सदस्य लंबे समय से इलाके में डर का माहौल बना रहे हैं. ये युवक सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर अपनी दहशत दिखाते हैं और लोगों से अवैध वसूली भी करते हैं.

मुख्य आरोपी पर पहले से कई केस

पुलिस के अनुसार यश सोनी उर्फ चूहा पर पहले से ही लूट, हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. हाल ही में वह एक मोबाइल दुकान लूट के मामले में भी फरार चल रहा था. इसके बावजूद उसका खुलेआम घूमना अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है.

थाने के सामने चक्काजाम, जमकर हंगामा

हत्या की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. बड़ी संख्या में लोग शव लेकर मोतीनगर थाने पहुंच गए और सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. करीब एक घंटे तक चले इस चक्काजाम से यातायात पूरी तरह ठप हो गया. बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए.

पुलिस का दावा- जल्द पकड़े जाएंगे सभी आरोपी

थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने कई अहम सुराग जुटा लिए हैं. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और गैंग के नेटवर्क की भी गहराई से जांच की जाएगी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close