LPG Gas Shortage in MP, Commercial Cylinders Halted: इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच हो रही जंग का 10 मार्च को 11वां दिन है. लंबी खिंच रही इस जंग का असर अब ईरान से करीब 5000 किलोमीटर दूर भारत के मध्य प्रदेश राज्य में भी दिखाई देने लगा है. सबसे बड़ी किल्लत कमर्शियल और घरेलू गैस की नजर आ रहा है. प्रदेश के अधिकतर जिलों में कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है, जबकि घरेलू गैस सिलेडरों की मारा-मारी भी बढ़ गई है. एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लग रही है. लोग का कहना है मुश्किल से सिलेंडर मिल रहा है, होम डिलेवरी भी नहीं हो रही है.
गैस के संकट को लेकर NDTV ने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसिडेंट बीएस शर्मा से बातचीत की. उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी गई है. घरेलू गैस सिलेंडरों पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई हैं. पहले 15 दिन में कॉल और मैन्युअल बुकिंग कर सकते थे, लेकिन अब सिर्फ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बुकिंग हो सकती है.
दो महीने में मिलेगा एक सिलेंडर
बीएस शर्मा ने बताया कि पहले अब महीने में सिर्फ एक सिलेंडर की बुकिंग होगी, एक से दूसरे सिलेंडर के बीच 25 दिन का अंतर होना चाहिए, ऐसा नहीं होने पर बुकिंग नहीं होगी. उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के प्रोडक्शन और वितरण पर पूरी तरह रोक है. आने वाले समय में सरकार दो महीने में सिर्फ एक सिलेंडर देने पर विचार कर रही है.
शादियां हो रही कैंसिल
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसिडेंट बीएस शर्मा ने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के वितरण पर रोक के कारण बहुत सारी शादियों की तारीख आगे बढ़ाई जा रही है. क्योंकि केटर्स ने हाथ खड़े कर दिए हैं.
मध्य प्रदेश में कहां कैसे हालात
- राजधानी भोपाल में कुछ लोग बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, ऐसे में उन्हें सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी जाना पड़ रहा है. इससे पहले घर पर सिलेंडर आ जाता था. इस कारण कुछ एजेंसियों पर लोगों की कतारें देखी गईं.
- रीवा गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जहां पहले सिलेंडर तुरंत मिल जाता था, अब एक-दो दिन की देरी से मिल रहा है. लोगों का कहना है कि लकड़ी भी करीब 1200 रुपये कुंटल हो गई है, जिससे भविष्य में परेशानी और बढ़ सकती है.
- रतलाम में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है, जिससे होटल और छोटे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है. गैस एजेंसियों के अनुसार पहले जहां 600 से 700 सिलेंडर का स्टॉक रहता था, अब यह घटकर 400 से भी कम रह गया है. स्टॉक कम होने से एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है.
- शिवपुरी में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर पर रोक होटल और रेस्टोरेंट संचालक परेशान हैं. उनका कहना है कि सिलेंडर नहीं मिलने से कारोबार प्रभावित हो रहा है, कई व्यापरी काम बंद करने की स्थिति में पहुंच रहे हैं.
- ग्वालियर में लोगों की शिकायत है कि ऑनलाइन गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है. कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद हो गई है. इससे फैक्ट्री, हलवाई की दुकान, रेस्टोरेंट और हॉस्टल की कैंटीन प्रभावित हो रही हैं.
- जबलपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने से कारोबारी परेशान हैं. भविष्य की चिंता में एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लग रही है. इससे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. कई लोगों को बुकिंग के बाद ओटीपी भी नहीं मिल पा रहा. होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना कि उनके यहां पहले से शादियों और अन्य आयोजनों की बुकिंग है, सप्लाई बंद होने से अब संकट खड़ा हो गया है.