विज्ञापन
This Article is From Feb 23, 2026

Hailstorm VIDEO: एमपी में फिर गिरे ओले, किसानों की फसलें हुई बर्बाद; जानें क्यों अचानक बदला मौसम 

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अचानक बदले मौसम के बाद भारी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की सरसों, चना, गेहूं और टमाटर जैसी फसलें बर्बाद हो गईं. पिछोर, करेरा, नरवर और शिवपुरी तहसीलों में बड़े आकार के ओले गिरने से कई गांवों में भारी नुकसान हुआ.

Hailstorm VIDEO: एमपी में फिर गिरे ओले, किसानों की फसलें हुई बर्बाद; जानें क्यों अचानक बदला मौसम 

MP Hailstorm VIDEO: मध्य प्रदेश में एक बार फिर ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. शिवपुरी जिले में अचानक बदला मौसम किसानों के लिए आफत बनकर टूटा, जहां बड़े-बड़े ओलों ने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा दिया. दोपहर तक सामान्य दिखने वाला मौसम अचानक बदल गया और कुछ ही मिनटों में आसमान से गिरे ओलों ने गांवों में तबाही का मंजर खड़ा कर दिया. मौसम वैज्ञानिक इस बदलाव को पश्चिमी विक्षोभ का असर बता रहे हैं.

शिवपुरी में मौसम का अचानक बदला मिजाज

शिवपुरी जिले के कई हिस्सों में सोमवार दोपहर अचानक बादल घिर आए और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई. पिछोर, करेरा, नरवर और शिवपुरी तहसील में बड़े आकार के ओले गिरे, जिससे खेतों में खड़ी सरसों, चना, गेहूं और टमाटर की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं. ग्रामीण इलाकों के लोगों ने बताया कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसान कुछ समझ भी नहीं सके.

ओलों ने तबाह कर दी किसानों की फसलें

लालगढ़, डोगरा और राजश्री जैसे गांवों में बड़े पैमाने पर नुकसान देखने को मिला. खेतों में खड़ी फसलें कुछ ही मिनटों में बर्बाद हो गईं. कई किसानों ने बताया कि वे कटाई की तैयारी में थे, लेकिन ओलों ने उनकी महीनों की मेहनत एक साथ खत्म कर दी. ओलों की मार से खेतों की जमीन भी जगह‑जगह सफेद चादर की तरह ढक गई.

मौसम विशेषज्ञों ने बताई वजह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस अचानक बदलाव के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जिम्मेदार है. इसकी वजह से ठंडी हवाएं, कोहरा, तेज बारिश और ओलावृष्टि जैसी स्थितियां बन रही हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम में ऐसे उतार‑चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं, क्योंकि यह सिस्टम अभी प्रदेश के ऊपर सक्रिय है.

प्रशासन ने लिया नुकसान का जायजा

ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम नुकसान का आंकलन करने के लिए गांवों में पहुंच गई है. अधिकारियों के अनुसार, कई हेक्टेयर जमीन पर खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं. मुआवजा प्रक्रिया के लिए किसानों से जानकारी जुटाई जा रही है और प्रारंभिक रिपोर्ट जल्द ही तैयार की जाएगी.

सीधी में भी बदला मौसम का मिजाज

इधर, सीधी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कुसमी क्षेत्र के दरीमाडोल, भदौरा, शंकरपुर, खोखला और कतरवार गांवों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. बारिश तक हालात सामान्य थे, लेकिन हवा के साथ ओले गिरते ही गेहूं सहित कई फसलें बर्बाद हो गईं. पिछले दो-तीन दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और आज किसानों पर मौसम की मार साफ दिखाई दी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close