MP Gym Theft News: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में चोरी का अजीब मामला सामने आया है. जिले के चंदिया नगर परिषद के स्टेडियम परिसर में लगी ओपन जिम की सारी मशीनें रातों-रात गायब हो गईं. चोर इतने बेखौफ थे कि एक-एक कर सभी उपकरण उखाड़कर ले गए और मौके पर कुछ भी नहीं छोड़ा. लाखों की लागत से बच्चों और युवाओं के लिए तैयार किया गया यह ओपन जिम अब वीरान पड़ा है.
दरअसल, स्टेडियम परिसर में बच्चों के शारीरिक विकास और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ओपन जिम लगाया गया था. लेकिन चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से पूरा सामान उखाड़ लिया. हैरानी की बात यह है कि एक भी उपकरण मौके पर नहीं बचा. पूरे सेटअप का नामोनिशान तक नहीं रहा.
सुरक्षा व्यवस्था नाकाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय-समय पर निगरानी होती और सुरक्षा की पुख़्ता व्यवस्था रहती, तो इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं थी. यह घटना नगर परिषद और संबंधित प्रबंधन की लापरवाही को साफ उजागर करती है. स्मार्ट सिटी का दर्जा होने के बावजूद बुनियादी सुरक्षा का अभाव बड़ा सवाल खड़ा करता है.
बच्चों के सपनों पर विराम
यह ओपन जिम बच्चों और युवाओं के लिए आसानी से फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने के मकसद से लगाया गया था. लेकिन चोरी के बाद पूरा सेटअप बेकार हो गया है. जिन बच्चों ने भविष्य के लिए सपने देखे थे बेहतर फिटनेस, खेल में आगे बढ़ना वो फिलहाल ठहर गए हैं.
स्थानीय लोगों ने मांगा जवाब
घटना के बाद नागरिकों में नाराजगी साफ दिख रही है. लोग पूछ रहे हैं कि जब सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा नहीं हो पा रही, तो जिम्मेदार कौन है? स्थानीय लोग संबंधित अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई, CCTV फुटेज की जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ओपन जिम को जल्द पुनर्स्थापित कर बच्चों की गतिविधियां फिर से शुरू कराई जाएं.