विज्ञापन
6 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News Live: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 7 मार्च को विदिशा के शमशाबाद के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान सीएम जिले को 163.62 करोड़ रुपये का सौगात देंगे. जिसमें विकास कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण करेंगे. साथ ही राज्य की प्रथम जिला स्तरीय फिंगर प्रिन्ट लेब का भी शुभांरभ सीएम करेंगे. इस दौरान सीएम मोहन विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है.

यहां पढ़ें पल-पल के लाइव अपडेट्स

कोलकाता में चमका छत्तीसगढ़ का युवा फिल्मकार एस. अंशु धुरंधर, ISFFA 2026 में द्वितीय सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री अवार्ड

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है. जिले के युवा फिल्मकार एस. अंशु धुरंधर को कोलकाता में आयोजित International Short Film & Feature Film Awards 2026 (ISFFA 2026) में द्वितीय सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री फिल्म का अवार्ड मिला है. यह सम्मान उन्हें जननायक दाऊ चिंताराम टिकारीहा के जीवन और संघर्ष पर आधारित डॉक्यूमेंट्री के लिए दिया गया. इस फिल्म को बनाने के लिए अंशु धुरंधर ने करीब 9 वर्षों तक शोध और अध्ययन किया. फेस्टिवल में 70 देशों से सैकड़ों फिल्मों की प्रविष्टियां आई थीं, जिनका चयन चार चरणों की प्रक्रिया के बाद किया गया. अंशु धुरंधर की फिल्म ने इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में जगह बनाते हुए पुरस्कार हासिल किया. फिल्म की स्क्रीनिंग 27 फरवरी को कोलकाता के विवेकानंद ऑडिटोरियम में हुई थी, जबकि 28 फरवरी को आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया.

MP News: बैतूल में कबाड़खाने में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी; कई मकान खाली कराए गए

Betul Scrap Yard Fire: मध्य प्रदेश के बैतूल में एक कबाड़खाने में भीषण आग लगने से इलाके में दहशत फैल गई. आग पर काबू पाने के लिए तीन नगर निकायों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं. मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार को एक कबाड़खाने में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग बैतूल-इटारसी मार्ग पर सदर क्षेत्र स्थित कबाड़खाने में लगी थी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास के कई मकानों को खाली करवा दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और हालात को नियंत्रित करने में जुट गया. आग बुझाने के लिए तीन नगर निकायों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है.

Chhattisgarh News: भाजपा नेता की बहनों की जमीन पर अफीम की खेती का खुलासा! दुर्ग में मक्के की आड़ में उगाई अवैध फसल

Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है.  यहां करीब 110 एकड़ जमीन में फेंसिंग कर खेती की जा रही थी. जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि इस बड़े क्षेत्र में मक्के की फसल के साथ गुपचुप तरीके से अफीम भी उगाई जा रही थी. जांच में कुल 10.72 एकड़ जमीन में मक्के के साथ अफीम की खेती होने की पुष्टि हुई है, जिसमें से करीब 5.62 एकड़ क्षेत्र में अफीम का पौधा पाया गया.

जांच में यह भी सामने आया कि जिस जमीन पर यह खेती की जा रही थी, वह प्रीतिबाला ताम्रकार और मधुमती बाला ताम्रकार के नाम पर दर्ज है. दोनों महिलाएं रिश्तेदारी में एक भाजपा नेता की बहनें बताई जा रही हैं. आरोप है कि यह पूरी खेती भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की देखरेख में की जा रही थी. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकार, विकास बिश्नोई (जोधपुर, राजस्थान) और मनीष ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अचला राम जाट नाम का आरोपी फिलहाल फरार है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.

सीहोर के 11 गांवों के लोग आगामी चुनावों में क्यों नहीं डालेंगे वोट?

सीहोर जिले के इछावर विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक अनदेखी और वादाखिलाफी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. नर्मदा-पार्वती लिंक परियोजना से वंचित 11 गांवों के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव में वोट नहीं डालने का फैसला लिया है. 2 मार्च को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि 6 मार्च को वे गांवों में आकर जनसंवाद करेंगे और परियोजना से जुड़ी सभी समस्याओं का निराकरण करेंगे, मगर 6 मार्च को जब 11 गांवों के लोग अपनी आस लेकर एकत्र हुए तो कोई भी जिम्मेदार अधिकारी वहां नहीं पहुंचा.

MP News: उज्जैन में 7 साल के मासूम की पानी के टैंक में लाश, पिता ने पत्नी और ASI पर लगाया हत्या का आरोप

MP News के तहत उज्जैन जिले में एक 7 साल के मासूम की पानी के टैंक में लाश मिलने से हड़कंप मच गया. बच्चे के पिता ने अपनी पत्नी और एक ASI पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है. मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में एक 7 साल के बच्चे की पानी के टैंक में लाश मिलने से सनसनी फैल गई. मामले में मृतक के पिता ने अपनी पत्नी और एक एएसआई पर बेटे की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है.जानकारी के अनुसार, शहर से करीब 75 किमी दूर खाचरोद की लंगर कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र बलाई के 7 वर्षीय पुत्र ध्रुव की पानी के टैंक में गिरने से मौत हो गई. यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है. अस्पताल से सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया. इस बीच धर्मेंद्र बलाई ने खाचरोद एसडीओपी आकांक्षा बैछोटे को आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की.

T20 World Cup Final को लेकर सतना में जबरदस्त उत्साह, भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले के लिए क्रिकेट प्रेमियों की खास तैयारियां

ICC Men's T20 World Cup के फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है. 8 मार्च 2026 को Narendra Modi Stadium, Ahmedabad में India national cricket team और New Zealand national cricket team के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा.

मध्य प्रदेश के Satna शहर में भी इस मैच को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. शहर के चाय-नाश्ते की दुकानों, खेल मैदानों और युवाओं के समूहों में फाइनल मैच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने की तैयारी

क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि इस बार भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और फाइनल में जीत दर्ज कर देश को गर्व का मौका दे सकती है. कई लोगों ने मैच देखने के लिए खास इंतजाम भी शुरू कर दिए हैं.

कुछ स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर सामूहिक रूप से मैच देखने की योजना बनाई जा रही है, जबकि कई युवा अपने दोस्तों और परिवार के साथ मिलकर मैच देखने की तैयारी कर रहे हैं.

Indore News: नई कार की खुशी में तीन दोस्तों की पार्टी, 500 फीट गहरी खाई में गिरे दो युवक

इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध तिंचा फॉल पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. नई कार की खुशी में पार्टी मनाने गए तीन दोस्तों में से दो युवक करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार अभिनव पाठक ने हाल ही में नई कार खरीदी थी. इसी खुशी में वह अपने दोस्तों अशोक और सुमित के साथ तिंचा फॉल घूमने और पार्टी मनाने गया था. देर रात तीनों फॉल के पास खाई के किनारे बैठे हुए थे. इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से अशोक और सुमित गहरी खाई में गिर गए.

घटना के बाद अभिनव पाठक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिमरोल थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं. करीब तीन घंटे की मशक्कत और क्रेन की मदद से दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

Gariaband News: शादी में आई ढाई साल की बच्ची की मौत

गरियाबंद जिले के मैनपुर में ढाई साल की बच्ची की अचानक मौत से हड़कंप मच गया. बताया गया कि गपरसुली बरबहली निवासी उत्तम नागेश अपनी ढाई साल की बेटी शशि नागेश को लेकर गोपालपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे. इस दौरान बच्ची को अचानक उल्टियां होने लगीं. परिजन तुरंत उसे मैनपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत से माता-पिता और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारण का खुलासा होगा.

आज तेलंगाना में 124 नक्सली करेंगे सरेंडर

तेलंगाना में शनिवार सात मार्च को बड़ी संख्या में माओवादी सरेंडर करने जा रहे हैं. पूर्व शीर्ष माओवादी देवजी के सहयोग से करीब 124 माओवादी मुख्यधारा में शामिल होंगे. इनमें बड़ी संख्या माओवादी बटालियन के सदस्यों की भी बताई जा रही है. यह समर्पण कार्यक्रम शाम करीब 4 बजे आयोजित होगा. माओवादी तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे. सुरक्षा एजेंसियों के लिए इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है. समर्पण करने वाले नक्सलियों में कुछ छत्तीसगढ़ में भी सक्रिय रहे हैं.  

CG News: भाजपा नेता विनायक पार्टी से निलंबित, अफीम की खेती का आरोप

दुर्ग में फार्म हाउस पर अफीम की खेती के आरोप के बाद भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है. दुर्ग के समोदा स्थित उनके फार्म हाउस में अफीम की खेती करने का मामला सामने आया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए किरण सिंह देव ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया. साथ ही विनायक ताम्रकार को किसान मोर्चा के राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक पद से भी हटा दिया गया है. पार्टी ने मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई के संकेत दिए हैं. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर... 

अवैध खनन करने पर, आकाश इंटरप्राइजेस 7.92 करोड़ का जुर्माना

इंदौर में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए आकाश इंटरप्राइजेस, जवाहर टेकरी पर 7 करोड़ 92 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है. मामला रिंगनोदिया जनपद सांवेर क्षेत्र का बताया जा रहा है. जांच में सामने आया कि संबंधित फर्म को सड़क निर्माण के लिए मुरम खुदाई की अनुमति दी गई थी, लेकिन अनुमति से अधिक खुदाई कर मुरम की व्यावसायिक बिक्री की जा रही थी. प्रशासन ने इसे अवैध खनन मानते हुए सख्त कार्रवाई की है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

रायपुर में लखपति दीदी संवाद, सीएम करेंगे महिलाओं से बात

रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम शहर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से हजारों स्व-सहायता समूह की महिलाएं शामिल होंगी. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लखपति दीदियों से सीधा संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री के हाथों कॉफी टेबल बुक, ब्रांड बुक और ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का भी लॉन्च किया जाएगा. साथ ही स्व-सहायता समूहों के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और समूहों को सम्मानित किया जाएगा. आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है.

होली से एक दिन पहले बिकी 128 करोड़ की शराब

रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में इस बार होली के मौके पर शराब बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया. आबकारी विभाग के अनुसार, होली से एक दिन पहले 3 मार्च को राज्य में करीब 128 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई, जो एक दिन की अब तक की सबसे बड़ी बिक्री मानी जा रही है. वहीं, रायपुर में होली के दौरान चार दिनों में करीब 58 करोड़ रुपये की शराब बिकने की जानकारी सामने आई है. आम दिनों में प्रदेश में औसतन करीब 40 करोड़ रुपये प्रतिदिन की शराब बिक्री होती है, लेकिन त्योहारों के दौरान यह आंकड़ा काफी बढ़ जाता है. अधिकारियों के अनुसार होली जैसे बड़े त्योहारों में शराब की मांग अचानक बढ़ जाती है.

MP Crime News: ग्वालियर में युवती से कॉलेज कैंपस में गैंगरेप

Gwalior Gang Rape News: ग्वालियर जिले के डबरा में छात्रा के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि युवती होली के त्योहार पर अपनी बुआ के घर गई थी. इसी दौरान तीन युवकों ने उसे बीच रास्ते से अगवा कर लिया. इसके बाद वे उसे एक कॉलेज कैंपस में ले गए, जहां तीनों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के बाद युवती काफी डरी हुई थी. करीब तीन दिन बाद उसने डबरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. 

Jabalpur News: ईरान के हमले के बीच दुबई में फंसे तीन परिवार जबलपुर वापस लौटे

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग की भयावह स्थिति के बीच दुबई में फंसे जबलपुर के तीन परिवार आखिरकार भारत सरकार की रेस्क्यू फ्लाइट से सुरक्षित अपने शहर लौट आए हैं. इन परिवारों के सदस्यों के मन में अभी भी युद्ध के दौरान देखे गए खौफनाक हालात की दहशत बनी हुई है, लेकिन अपने देश और परिवार के बीच वापस पहुंचकर उन्होंने राहत की सांस ली है.

इन परिवारों का कहना है कि वहां लगातार तनाव और अनिश्चितता का माहौल था. हर पल डर बना रहता था कि हालात कब और ज्यादा खराब हो जाएं. ऐसे समय में भारत सरकार द्वारा चलाई गई रेस्क्यू फ्लाइट उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं रही.

जबलपुर पहुंचने के बाद परिवारों ने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि मुश्किल समय में सरकार ने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की. अब अपने शहर और अपनों के बीच आकर उन्हें सुरक्षित होने का एहसास हो रहा है, हालांकि युद्ध के दिनों की यादें अभी भी उनके मन में ताजा हैं.

Dhamtari News: किराए के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, 2 युवती और 3 युवक गिरफ्तार

धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. नंदा हॉस्पिटल गली के पास स्थित मकान से पुलिस ने दो युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया है. कॉलोनी के लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर दबिश दी. बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीनों युवक धमतरी जिले के रहने वाले हैं, जबकि युवतियां बाहर की बताई जा रही हैं. कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से फरार भी हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है. 

Gwalior Honey Trap: हनी ट्रैप में फंसाकर लूट करने वाले दंपति, बेटी और दामाद गिरफ्तार

ग्वालियर में हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाली गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है. पड़ाव थाना पुलिस ने पति-पत्नी, उनकी बेटी और दामाद को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने राजस्थान के एक कारोबारी को ग्वालियर बुलाकर हनी ट्रैप में फंसाया था. मां और बेटी ने कारोबारी को फ्लैट में बुलाया, जहां पहले से मौजूद पति और दामाद ने उसे रेप केस में फंसाने की धमकी दी. इसके बाद आरोपियों ने डराकर कारोबारी से करीब 12 लाख रुपये के आभूषण छीन लिए. बदनामी के डर से पीड़ित ने पहले लूट की झूठी कहानी सुनाई थी. सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने सच्चाई उजागर कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ जारी है.

CG News: भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती

दुर्ग जिले के समोद गांव में 6-7 एकड़ अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है. अफीन की खेती शातिराना तरीके से मक्के की फसल के बीच की शिवनाथ नदी के किनारे जा रही थी. यह खेत भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का बताया जा रहा है. विनायक वर्तमान में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि यहां महीनों से खेती हो रही है और आम लोगों को नहीं जाने की हिदायत दी गई थी. कभी किसी ने खेत में घुसने का प्रसास किया तो उसके साथ मारपीट की गई. 

MP crime News: थाने के पास फायरिंग, जमकर चले डंडे, लाठी

ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में पड़ोसियों में हुए विवाद के बाद जमकर लाठी डंडे चले. देर रात बंदूक और कट्टों से फायरिंग की गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया. पीड़ित लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना का वीडियो भी सामने आया जिसमें हमलावर बंदूक और कट्टे लहराते हुए नजर आ रहे हैं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com