विज्ञापन

अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला; बवाल के बाद 6 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. छुरा थाना क्षेत्र के डोंगरी पानी गांव में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने महिला और नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला; बवाल के बाद 6 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. छुरा थाना क्षेत्र के डोंगरी पानी गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस को विरोध और हमले का सामना करना पड़ा. देर रात हुए इस घटनाक्रम के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई. हालांकि पुलिस ने अगले ही दिन कार्रवाई करते हुए महिला और नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के लिए जिलेभर के पुलिस बल को भी जुटाया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात छुरा थाना पुलिस को कांदगड़ी के आश्रित ग्राम डोंगरी पानी में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची. पुलिस का उद्देश्य अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना था, लेकिन हालात अचानक बिगड़ गए.

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों का गांव में विरोध किया. इसी दौरान आरोपियों और कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. उस समय कुल 8 पुलिसकर्मी कार्रवाई में शामिल थे. अचानक हुए हमले और गांव में बढ़ते तनाव के कारण पुलिसकर्मियों को रात में वहां से निकलना पड़ा.

रातभर रहा तनाव का माहौल

हमले के बाद गांव में देर रात तक गहमा-गहमी और तनाव का माहौल बना रहा. पुलिस ने हालात को देखते हुए अतिरिक्त बल बुलाने का निर्णय लिया. अधिकारियों ने पूरी घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी और आगे की रणनीति तैयार की गई.

अगली सुबह जिले के विभिन्न थानों के पुलिस बल के साथ टीम दोबारा गांव पहुंची. इसके बाद कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए लोगों में चार पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी.

इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

सहायक उप निरीक्षक यदुराज की शिकायत के आधार पर सुमित्रा नेताम, उसके बेटे, चुनेश्वर मरकाम सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 109, 191(2), 115(2), 191(3), 121(1), 296, 132 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.

पुलिस की नजर में अन्य आरोपी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. इसके लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार नजर रखी जा रही है. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से आगे भी दबिश दी जाएगी. पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close