विज्ञापन
1 month ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 18 मार्च का दिन कई बड़े घटनाक्रमों का गवाह बनने वाला है. एक ओर हरदा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हैं, जहां वे नए जिला अस्पताल सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमिपूजन करेंगे. वहीं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारी और अधिकारी अपनी लंबित मांगों को लेकर राज्यव्यापी प्रदर्शन की तैयारी में हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बदलाव की संभावना जताई है.

छत्तीसगढ़ कर्मचारी आंदोलन  

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरदा में लगभग 150 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही करीब 33–34 करोड़ रुपये की लागत से बने नए जिला अस्पताल का उद्घाटन भी निर्धारित है, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा. उधर छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों और अधिकारियों का फेडरेशन अपनी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर समूचे प्रदेश में धरना‑प्रदर्शन आयोजित करेगा. उनका कहना है कि सरकार ने कई बार आश्वासन तो दिया, पर ठोस कदम अब तक नहीं उठाए गए.

यहां पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का बड़ा बयान, बोले- योगी आदित्यनाथ असली हिंदू नहीं

बिलासपुर में ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अब तक का सबसे तीखा हमला करते हुए उन्हें "असली हिंदू नहीं" करार दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य की आवाज को दबाने के लिए सरकारों द्वारा हिस्ट्रीशीटरों का इस्तेमाल किया जा रहा है और गौ रक्षा के मुद्दे पर सरकारों की नीयत पूरी तरह संदिग्ध है. स्वामी जी ने कड़े शब्दों में कहा कि सनातन धर्म को बाहरी शत्रुओं से ज्यादा "भीतर के कालनेमियों" से खतरा है, जो केवल वोट की राजनीति के लिए धर्म का चोला ओढ़े हुए हैं. इसके साथ ही उन्होंने सवर्ण UGC कानून को हिंदू विरोधी और राष्ट्रद्रोह बताते हुए यूपी सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

भोपाल गौ मांस मामले में बड़ा अपडेट, असलम कुरैशी को मिली जमानत

भोपाल गौ मांस मामले में बड़ी राहत देते हुए सेशन कोर्ट ने गोमांस तस्करी के आरोपी असलम कुरैशी को जमानत दे दी. उसकी जमानत याचिका पर भानू हिंदू ने आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार जैन की अदालत ने 35 हजार रुपये के बांड पर जमानत मंज़ूर कर दी.

खेत में मिला किसान का शव, पुलिस जांच में जुटी

पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब 70 वर्षीय किसान रेबा पटेल का शव चंडी माता मंदिर के पास सिमरिया–अमानगंज मार्ग स्थित एक खेत की कटीली तारबाड़ी में संदिग्ध अवस्था में लटका मिला. मंगलवार देर शाम घर से निकले बुजुर्ग के सुबह शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. यह मामला हादसा है या फिर हत्या, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

छत्तीसगढ़ के कोरबा में पांच लोगों की मौत, अलग-अलग सड़क हादसों में गई जान

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा–दीपका मार्ग पर एक बड़ा हादसा तब हुआ जब कोयले से लदा ट्रेलर चालक की झपकी के कारण अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल पर पलट गया, जिससे पोटापानी गांव के तीन युवक बृजपाल सिंह कंवर, मंगल सिंह और ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जो प्रशासन द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजन को सवा लाख रुपये मुआवजा घोषित करने के बाद शांत हुआ. वहीं, जटगा चौकी क्षेत्र के जामपानी पहाड़ के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से खरंजी गांव की ननकी बाई और उनकी नौ वर्षीय नातिन मनीषा कुमारी की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ जा रहे जयसिंह टेकाम घायल हो गए. दोनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

होटल के कमरे से कूद कर युवती ने किया सुसाइड, मानसिक रूप से थी परेशान

रायपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवती ने होटल के कमरे से कूदकर आत्महत्या कर ली और नीचे जीआरपी एसपी ऑफिस कैंपस में जा गिरी. जानकारी के अनुसार युवती पिछले कुछ दिनों से सिद्धि विनायक नामक होटल के कमरे नंबर 405 में ठहरी हुई थी और मानसिक रूप से परेशान थी. पुलिस जांच में पता चला कि वह विधानसभा थाना क्षेत्र की निवासी थी और परिजनों ने उसके गुम होने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. गंज थाना पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में युवती ने यह कदम उठाया.

धुरंधर के शो में बवाल, 1 घंटे की देरी पर भड़के दर्शक, जोरदार हंगामा हुआ

बिलासपुर के 36 मॉल स्थित सिनेमैक्स में धुरंधर फिल्म के शो के दौरान उस समय बवाल मच गया जब एक घंटे की देरी से नाराज दर्शकों ने जोरदार हंगामा कर दिया. शाम 5 बजे शुरू होने वाला शो 6 बजे तक शुरू नहीं हुआ, जिससे गुस्साए लोग थिएटर के बाहर आकर नारेबाजी करने लगे और टिकट के पैसे वापस करने की मांग करने लगे. दर्शकों ने पहले शो में अधिक कीमत वसूलने का आरोप भी लगाया. वहीं, प्रबंधन का कहना है कि प्रिंट देर से पहुंचने की वजह से शो शुरू होने में देरी हुई.

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ओलावृष्टि, 200-250 ग्राम के ओले गिरे

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और मैनपाट में अचानक मौसम बदलने के साथ जोरदार ओलावृष्टि हुई, जिसमें 200 से 250 ग्राम तक के बड़े ओले गिरे और सीतापुर इलाके में बारिश भी दर्ज की गई. भारी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली. प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग को नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं, जिसके तहत पटवारी और विभागीय कर्मचारी खेतों का सर्वे कर फसलों के नुकसान का ब्यौरा तैयार करेंगे.

गरियाबंद पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एसपी ने 12 पुलिसकर्मियों के बदले प्रभार

गरियाबंद जिले में पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक फेरबदल किए गए हैं, जहां एसपी वेदव्रत सिरमौर ने व्यवस्था में कसावट लाने के लिए 12 प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों के प्रभार बदलते हुए उन्हें नई जगहों पर तैनात किया है. जारी आदेश के मुताबिक मुकेश टोप्पो, कुमार ध्रुव सहित कई जवानों को ओड़ कैंप में संबद्ध किया गया है, वहीं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई आरक्षकों को ट्रैफिक शाखा की नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

छतरपुर में 33 केवी लाइन की बड़ी चोरी, 50 से अधिक गांवों की बिजली पर संकट

छतरपुर जिले में बड़ी बिजली चोरी का मामला सामने आया है, जहां चोरों ने छतरपुर से नौगांव तक जाने वाली 33 केवी लाइन के तार करीब 10 किलोमीटर तक काट लिए, जिससे 50 से अधिक गांवों की बिजली व्यवस्था संकट में पड़ गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार ऐसी चोरी हो चुकी है, लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है. सबसे हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी चोरी के बावजूद विभाग को भनक तक नहीं लगी, जिससे अंदरूनी मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है. अब प्रशासन और बिजली विभाग मामले की जांच की बात तो कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों को बिजली बहाली का इंतजार है.

इंदौर के दो सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट मोड पर आया प्रशासन

इंदौर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब संभागायुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय को दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर एक अंजान ईमेल आईडी से बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट पर आ गया. धमकी मिलते ही दोनों दफ्तरों को खाली कराया गया और मौके पर बीडीडीएस, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वायड की टीमें पहुंचकर हर कमरे की आधुनिक उपकरणों से गहन तलाशी ली. एमजी रोड पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

भूतड़ी अमावस्या पर श्रद्धा का सैलाब, बूरी आत्माओं से मुक्ति के लिए लगाई डुबकी

उज्जैन में भूतड़ी अमावस्या पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां बुरी आत्माओं के प्रकोप से मुक्ति और पितरों के मोक्ष के लिए हजारों श्रद्धालुओं ने शिप्रा नदी, रामघाट और केडी पैलेस स्थित 52 कुंड में पवित्र डुबकी लगाई. मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से आए श्रद्धालु मंत्रोच्चार के बीच स्नान कराते नजर आए, जबकि कुछ लोग परंपरा अनुसार तलवार, चेन और चाकू लेकर खुद को चोट पहुंचाते दिखे, जिन्हें परिजन और पुजारी बुरी आत्माओं का प्रभाव मानते हुए स्नान कराते रहे. भीड़ और गहरे पानी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कठोर सुरक्षा इंतजाम किए. स्कंद पुराण में वर्णित मान्यता के अनुसार 52 कुंड के सूर्य और ब्रह्म कुंड में स्नान से नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती है. वहीं रामघाट और सिद्धवट घाट पर पितरों की पूजा-अर्चना के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, क्योंकि राहु–सूर्य योग में आने वाली भूतड़ी अमावस्या को पितृ तर्पण और मोक्ष के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है.

तीन महीने से नहीं मिली सैलरी, जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर बैठे

सीहोर जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारी तीन महीनों से वेतन न मिलने और पीएफ कटौती में अनियमितताओं के विरोध में हड़ताल पर बैठ गए, जिससे अस्पताल की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं. करीब 53 कर्मचारियों (जिनमें वार्ड बॉय, गार्ड, कंप्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक शामिल हैं) के अचानक काम बंद करने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कर्मचारियों का कहना है कि ठेकेदार लगातार अनियमितताएं कर रहा है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन कोई ध्यान नहीं दे रहा. शिवराज दरबार सहित कर्मचारियों ने बताया कि वे पहले भी कलेक्टर और सिविल सर्जन को ज्ञापन दे चुके हैं, फिर भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया.

इंदौर में आईटी पार्क के सामने एक्टिवा में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

इंदौर के आईटी पार्क के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती एक्टिवा से अचानक धुंआ निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी. आग लगते ही चालक ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत एक्टिवा से कूदकर अपनी जान बचाई. मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है. एक्टिवा में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है.

जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में चयनित होने वाली MP की पहली खिलाड़ी बनी अस्मि

सतना की अस्मि भारती ने इतिहास रचते हुए जूनियर गर्ल्स वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 के लिए चयनित होकर मध्यप्रदेश की पहली खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है. उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में 12 से 17 अप्रैल तक होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. वर्ष 2021 से पिता व कोच डॉ. संदीप भारती के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही अस्मि अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 10 से अधिक स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. पिछले आठ महीनों से म.प्र. मार्शल आर्ट अकादमी भोपाल में विशेष प्रशिक्षण लेने का परिणाम उनके प्रदर्शन में साफ दिखा. जयपुर के फेडरेशन कप में स्वर्ण जीतकर दावेदारी मजबूत करने वाली अस्मि ने सोनीपत ट्रायल में गोल्ड जीतते हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप का टिकट पक्का किया. पिता और कोच के अनुसार, अस्मि की सफलता का राज उसका अनुशासन और निरंतर मेहनत है.

गले में फांसी का फंदा लगाकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचा किसान, आत्महत्या की दी चेतावनी

रायसेन जिले के ग्राम सांचेत निवासी एक किसान जमीनी विवाद में अधिकारियों द्वारा लगातार अनसुनी किए जाने से परेशान होकर गले में फांसी का फंदा डालकर कलेक्टर ऑफिस पहुंच गया, जहां उसने परिवार सहित आत्महत्या करने की चेतावनी दी. किसान का कहना है कि वह लंबे समय से परिवार के साथ अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसकी किसी भी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा.

टीआई पर ढाबा संचालक सिख युवक से मारपीट और दाढ़ी खींचने का आरोप

बिलासपुर के चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू पर बोदरी निवासी और श्री गुरुनानक फैमिली ढाबा संचालक कुशाल माखीजा ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि पुलिस स्टाफ द्वारा उनके ढाबे के सामने खड़ी गाड़ी जबरन थाने ले जाने के बाद जब वे जानकारी लेने पहुंचे, तो टीआई ने उनका मोबाइल जब्त कर अभद्र व्यवहार किया, उन्हें रीडर रूम में ले जाकर मारपीट की और सिख होने के कारण उनकी दाढ़ी पकड़कर खींची, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं; पीड़ित का कहना है कि उन्हें गाली-गलौज कर झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई, और उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

इंदौर संभाग कार्यालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी

Bomb Threat to Indore Division Commissioner Office: इंदौर के संभाग आयुक्त कार्यालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी अज्ञात ई-मेल के जरिए दी गई है. बम स्क्वॉड की टीम मौके पर मौजूद है, जो कार्यालय की छानबीन कर रही है. पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर खाली करवाया गया है.

Indore Fire Incident: आग के बाद इलेक्ट्रिक दरवाजा लॉक होने से फंस गए थे लोग, CM बोले- जांच को भेजी है टीम

Indore Fire Death: इंदौर अग्निकांड की घटना पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक दरवाजा सुरक्षा के लिए अच्छा है, लेकिन कभी-कभी मुसीबत बन जाते हैं. दरअसल, तिलक नगर थाना क्षेत्र की ब्रिजेश्वरी एनेक्स सोसाइटी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई थी. उसमें सिलेंडर ब्लास्ट हुए थे. इस दौरान 8 लोगों की जलकर मौत हो गई, जिसमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. मकान में एक इलेक्ट्रिक गेट भी लगा था, जो लॉक हो गया था. वह खुला नहीं तो लोग अंदर रह गए और जान चली गई. सीएम ने कहा कि एक तरफ ये उपकरण सुरक्षा तो देते हैं, लेकिन ये हमारे लिए चुनौती भी देते हैं. हमारी टीम ऐसी चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार है. अधिकारियों एक टीम भी इंदौर भेजी गई है जो घटना के कारणों को जानेगी ओर सरकार को रिपोर्ट देगी. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

MP News in Hindi: डूबती बहन को बचाने के लिए तालाब में कूदा भाई, लेकिन नहीं बचा पाया

Child Gril Drowned to Death in Pond of Balaghat: बालाघाट जिले के लामता थाना क्षेत्र के दौनी गांव में तालाब में नहाने गई मासूम वर्षा पिता संतोष भलावी (10) की डूबने से मौत हो गई. वर्षा अपनी तीन सहेलियों के साथ गांव से पास ही बने तालाब में कपड़े धोने और नहाने गई थी, जहां नहाते समय, वह गहरे पानी में डूब गई. वर्षा को गहरे पानी में डूबते देख, उसके साथ नहाने तालाब पहुंची बच्चियों ने घर जाकर इसकी सूचना दी. इसके बाद वर्षा का भाई दौड़ते हुए तालाब में बहन को बचाने कूद गया, जो उसे पकड़कर बाहर ला रहा था, लेकिन तभी वह भी स्वयं को डूबता देख बहन को छोड़कर किसी तरह जान बचाकर बाहर निकला. इसके बाद गांव वाले भी यहां एकत्रित हो गए. गांव के युवक अनिरूद्ध उईके ने तालाब में कूदकर, तालाब के गहरे पानी में डूबी मासूम वर्षा का शव बाहर निकाला.

आज भोपाल की एक और यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की मिली धमकी, इस बार अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विवि को आया मेल

Bomb Threat in Bhopal Institution: भोपाल के सरकारी और निजी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने का सिलसिला धम नहीं रहा है. शहर के जेके हॉस्पिटल (JK Hospital) और जेके यूनिवर्सिटी (JK University) को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अब भोपाल की अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय (Atal Bihari Vajpayee Hindi University) को भी दोपहर में बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इस मामले में  पुलिस कमिश्नर का कहना है कि यह कोई शरारती तत्व ही धमकियां देने का काम कर रहा है.

हिंदू विश्वविद्यालय को उसके अधिकृत मेल आईडी पर धमकी दी गई है. विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर देवानंद हिडोलिया के निर्देश पर परिसर को खाली कर दिया गया है. यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दे दी है और बम निरोधी दस्त जांच कर रहे है. इससे पहले 16 और 17 फरवरी को लगातार नापतौल विभाग को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. पीपुल्स यूनिवर्सिटी (People'sUniversity) को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है.

एमपी के डिप्टी सीएम ने CM साय से की मुलाकात, रायपुर-रीवा हवाई सेवा के लिए की सराहना

Rewa Raipur Air Service: मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को रायपुर स्थित उनके निवास में मुलाकात की. मुख्यमंत्री साय ने राजेंद्र शुक्ला का शॉल एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया. इस दौरान दोनों के मध्य क्षेत्रीय विकास, आपसी समन्वय एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई. साथ ही दोनों राज्यों के बीच सहयोग को और सुदृढ़ करने पर भी सहमति व्यक्त की गई. उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने बताया कि अब रीवा-रायपुर से सीधे हवाई मार्ग (Rewa Raipur Air Route) से जुड़ गया है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के साझा प्रयासों से दोनों राज्यों के लोगों को हवाई सेवा की बड़ी सौगात मिली है. उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने इस दिशा में मुख्यमंत्री साय के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया और आगे भी दोनों राज्यों के साझा हितों को आगे बढ़ाने की बात कही.

Madhya Pradesh Hindi News: बार-बार मिल रहीं बम से उड़ाने की धमकियां, पुलिस कमिश्नर बोले- ये शरारती तत्वों का काम

Bhopal Bomb Blast Threat: भोपाल में लगातार ईमेल से बम ब्लास्ट (Bomb Threat by Email) की धमकी देने के मामले में भोपाल पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जो बम से उड़ाने की धमकियां आ रही हैं, वह कोई शरारती तत्व भेज रहा है. टेक्निकल कारणों से ढूंढने में टाइम लग रहा है. कई बार ऐसे लोग VPN का इस्तेमाल करते हैं. उन्हें पकड़ने के लिए साइबर टीम (Cyber Team) और पुलिस लगी हुई है.

Madhya Pradesh Hindi News: ADG (ट्रेनिंग) ने धमकियां मिलने के बाद मांगी थी सुरक्षा, अब आया भोपाल पुलिस कमिश्नर का बयान

Bhopal ADG Threat: एडीजी ट्रेनिंग राजा बाबू सिंह (ADG Training Raja Babu Singh) के साथ गाली गलौज के मामले पर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का बयान आया है. उन्होंने कहा कि वहां दो लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे. ADG के यहां काम करने वाले एक व्यक्ति से भी गाली गलौज की गई थी. उनकी सुरक्षा से इसका कोई लेना देना नहीं है. एडीजी ने सुरक्षा की मांग करते हुए एक पत्र लिखा है. मामले में दो लड़कों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. दोनों शराब पीकर झगड़ा कर रहे थे.

Janjgir Champa News: जांजगीर चांपा में छात्रों से भरी स्कूल वैन पलटी, ट्रैक्टर की टक्कर के बाद शिक्षक और बच्चे घायल

Tractor Hit School Van: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में तेज रफ्तार का कहर दिखा है. जिले में बुधवार को ट्रैक्टर ने एक स्कूल वैन को टक्कर मार दी, जिससे वैन पलट गई. इस दौरान शिक्षिका सहित दर्जन भर बच्चे घायल (Students Injured) हो गए. घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है. बच्चे सरस्वती शिशु मंदिर कुथूर के छात्र हैं. पुलिस जांच में जुटी है.

Surrender Naxalites Visit Vidhan Sabha Chhattisgarh: जब विधानसभा में घुस आए 140 नक्सली, देखें वीडियो

CG Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को 140 आत्मसमर्पित नक्सली पहुंचे. इनमें 54 महिलाएं और 86 पुरुष नक्सली शामिल हैं. इससे पहले भी सरेंडर करने वाले नक्सली विधानसभा का दौरा कर चुके हैं. ये सभी नक्सली बीजापुर और कांकेर क्षेत्र में सक्रिय थे. पहली बार विधानसभा की कार्यवाही देखने पुनर्वसित माओवादियों ने बताया जंगल का जीवन कठिन था. आज विधानसभा देखकर उन्हें अच्छा लग रहा है. उनका जीवन बदल रहा है. बता दें कि केंद्र सरकार ने देश में नक्सलियों को खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की डेडलाइन रखी है. इसके अलावा उन्हें सरेंडर कराने के लिए कई योजनाएं भी लाई है, ताकि उनके मुख्य धारा में लाया जा सके.

Gas Cylinder Robbery: भोपाल में अब गैस सिलेंडर भी चोरों के निशाने पर, वकील के घर से चुराए 4 सिलेंडर

भोपाल में अब चोरों के निशाने पर सिलेंडर भी हो गए हैं. घर के पोर्च में रखे चार सिलेंडरों पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया. चोरी करते समय वह सीसीटीवी में कैद हो गए. चोरों ने 14 मार्च की रात वकील के घर पर धावा था. वकील रॉबिन जैन ने कोहेफिजा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज आरोपियों की तलाश की शुरू कर दी है.

Indore Fire Incident: इंदौर अग्निकांड में बच्चे समेत 8 लोगों ने गंवाई जान, सीएम मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया

इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि दी है. शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की. साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. बता दें कि ब्रिजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी एक घर में आग लग गई, जहां 8 लोगों की मौत हो गई थी. वहीं, तीन लोग घायल हो गए. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Kanker Truck Overturned on Bike: कांकेर में बाइक पलटा ट्रक, तीन लोगों की मौत

Kanker Accident Death: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पाली थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया. कोयला लोड ट्रक बाइक सवारों पर पलट गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई. मृतक पोटा पानी रहने वाले बताए जा रहे हैं. तीनों दीपका काम पर जाने के लिए निकले थे. अनियंत्रित ट्रक मोड़ के पास बाइक पर पलट गया.

अब भोपाल के जेके अस्पताल और यूनिवर्सिटी को बम उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली कराए दोनों कैंपस

Bomb Threat in Bhopal: भोपाल के कोलार स्थित जेके हॉस्पिटल (JK Hospital) और जेके यूनिवर्सिटी (JK University) को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. दोनों कैंपस में 21 बम रखने की धमकी दी है. धमकी भरे ईमेल में लिखा है कि 1:30 पर बम फटेंगे. मेल में लिखा कि दोपहर की इस्लामी नवाज के समय से पहले दोनों संस्थाओं को खाली किया जाए. बता दें कि भोपाल में लगातार सरकारी एवं निजी कॉलेज संस्थाओं को बम से उड़ाने की धमकी दी जा रही है. पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है.

इससे पहले 16 और 17 फरवरी को लगातार दो नापतौल विभाग को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. पीपुल्स यूनिवर्सिटी को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है.

Nonveg Ban during Navratri: नवरात्रि पर मैहर के मां शारदा धाम में मांस, मछली और अंडे की बिक्री पर लगा प्रतिबंध

Chaitra Navratri: चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा निर्णय लिया है. अनुविभागीय दण्डाधिकारी दिव्या पटेल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक पूरे नगरपालिका क्षेत्र मैहर में मांस, मछली और अंडे (Nonveg Ban in Maihar) के क्रय-विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा. आदेश के अनुसार, प्रतिबंध की अवधि 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी. इस दौरान प्रसिद्ध मां शारदा धाम में चैत्र नवरात्रि मेले का आयोजन होता है, जहां देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. अधिकारियों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान धार्मिक आस्था और पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है. मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या धार्मिक भावना आहत होने की संभावना को समाप्त करना चाहता है.

बदमाशों का दुस्साहस! भोपाल में ADG को घर जाकर दे डाली धमकी; अफसर ने कमिश्नर से मांगी सुरक्षा

Bhopal ADG Training Threat: मध्य प्रदेश पुलिस के एडीजी (ट्रेनिंग) राजाबाबू सिंह ने खुद की जान को खतरा बताया है. उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. ADG (ट्रेनिंग) के साथ अज्ञात युवकों ने गाली-गलौज की और धमकाया है. यह युवक ADG के त्रिलंगा स्थित घर के बाहर कार से पहुंचे थे. एक युवक के हाथ में डंडा भी था, जो पूरी घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई. 

एडीजी ने शाहपुरा थाने को सूचना देने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी दिए है. हाल ही में ADG राजाबाबू ने पुलिस ट्रेनिंग के दौरान ट्रेनी के प्रशिक्षण के दौरान धार्मिक नवाचार के साथ ही रामचरितमानस के पाठ की शुरुआत की थी.

Chhattisgarh Board Exam: 12वीं के हिंदी पेपर लीक मामले में FIR दर्ज, मुख्य सरगना और नेटवर्क की तह तक जाएगी पुलिस

CGBSE Board Exam 10th and 12th: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय का प्रश्नपत्र लीक (Hindi Paper Leak in Chhattisgarh) होने के मामले में मामला किया गया है. रायपुर की कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है. 14 मार्च को आयोजित कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा से पूर्व सोशल मीडिया पर एक हस्तलिखित प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना प्राप्त हुई थी. माध्यमिक शिक्षा मंडल के प्रभारी पंजीयक अधिकारी के आवेदन और विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्ट्स पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच की. फिर सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया. रायपुर पुलिस की साइबर सेल और इन्वेस्टिगेशन टीम इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए सक्रिय है. प्रश्नपत्र लीक करने वाले मुख्य सरगना, वॉट्सऐप ग्रुप के एडमिन और इस कृत्य में शामिल सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.

Three Bills Will Pass in CG Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा से आज पास होंगे ये तीन बिल, सदन में इन मुद्दों पर होगी चर्चा

Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सुबह 11 बजे प्रश्न काल शुरू होगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के वार्षिक प्रतिवेदन और वित्त मंत्री ओपी चौधरी रेरा के 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन पटल में रखेंगे.  दो ध्यान आकर्षण विषय पर सदन में चर्चा भी की जाएगी. भाजपा विधायक विक्रम उसेंडी भानुप्रतापपुर मंडल में अवैध पेड़ कटाई पर मंत्री से जवाब चाहेंगे. विधायक द्वारकाधीश यादव ध्यान आकर्षण के जरिए छत्तीसगढ़ तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में अनियमित पर सदन का ध्यान आकर्षित करेंगे. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ लोक भर्ती व्यवसायिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों के रोकथाम विधेयक 2026 को पटल में रखेंगे. वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा लाये गए विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी. सदन में आज तीन संसोधन विधेयक के प्रावधानों पर चर्चा होगी. छत्तीसगढ़ भू राजस्व संहिता संसोधन विधेयक, छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश संशोधन 2026 और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल संसोधन विधेयक आज सदन में चर्चा के बाद पास होंगे.

Indore Fire News: इंदौर में EV में चार्जिंग दौरान लगी आग, घर में चार गैस सिलेंडरों में हुआ ब्लास्ट; परिवार के 7 लोग जिंदा जले

Indore Fire Death: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक घर में आग लगने से परिवार के सात लोगों की मौत हो गई है. ब्रिजेश्वरी एनेक्स रिहायशी इलाके में स्थित एक घर में यह आग लगी थी. रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस और दमकल ने 3 लोगों को बचा लिया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जांच में पता चला कि ईवी चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट (Short circuit during EV Charging) से आग लगी थी. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

MP Hindi News: मसीह अस्पताल का जमीन विवाद फिर चर्चा में, ईसाई समाज ने भू-माफियों पर जमीन हड़पने का लगाया आरोप

Bhu Mafia Captured Land of Masih Hospital: धार शहर में आदर्श रोड स्थित बहुचर्चित मसीह अस्पताल की जमीन को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है. इस मामले को लेकर धार के ईसाई समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. ईसाई समाज के लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में धार शहर में भू-माफियाओं ने अधिकारियों की नाक के नीचे कई कीमती जमीनों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए खुर्द-बुर्द किया है. उनका कहना है कि करोड़ों और अरबों रुपये की संपत्तियों से जुड़े मामलों में कूट रचित दस्तावेज तैयार कर जमीनों का सौदा किया गया, जिससे कई लोगों को आर्थिक लाभ हुआ.

MP News in Hindi: बीजाडांडी विकास खंड के सीईओ के खिलाफ सरपंचों और जनपद सदस्यों ने खोला मोर्चा, लगाए गंभीर आरोप

Mandla News: मध्य प्रदेश के मंडला जिला से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बीजाडांडी विकास खंड (Bijadandi) में 42 सरपंच और 14 जनपद सदस्यों ने मिलकर सीईओ जनपद बीजाडांडी बासंती दुबे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सीईओ पर अनियमितताओं, दुर्व्यवहार और पैसे की मांग जैसे कई आरोप हैं. इन्हीं आरोपों को लेकर सभी सरपंच और जनपद सदस्य एकजुट होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सीईओ को हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।. कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है. जांच सीईओ जिला पंचायत सीईओ करेंगे और 7 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

Madhya Pradesh Hindi News: केले की फसल पर चलाई पोकलेन-JCB, किसान को 25 लाख का नुकसान

Farmers Banana Destroyed in Dhar: धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम पीपल्दा गढ़ी में नर्मदा पाइपलाइन (Narmada Pipeline) और टंकी निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है. किसान ने प्रशासन पर खड़ी फसल और पेड़ों को नष्ट करने का आरोप लगाया है, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय और तहसीलदार के आदेश के तहत की गई है. धार उज्ज्वलन सिंचाई परियोजना के तहत नर्मदा का पानी क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए ग्राम पीपल्दा गढ़ी में शासकीय सर्वे नंबर 205/1 की लगभग 1.200 हेक्टेयर भूमि पर टंकी और पंपहाउस निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है. इसी कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति बन गई. किसान मोहब्बत सिंह चौहान का आरोप है कि वह पिछले लगभग 30 से 35 वर्षों से इस जमीन पर खेती कर रहे थे. उनका कहना है कि एनवीडीए के अधिकारियों ने पोकलेन मशीन और दो जेसीबी की मदद से उनकी करीब 5 हजार केले की खड़ी फसल और अन्य हरे-भरे पेड़ों को नष्ट कर दिया.

MP Weather Forecast: मध्य प्रदेश में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, आंधी और बारिश की संभावना

Madhya Pradesh Weather and Rain Update: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और तेज धूप से राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी भारत में सक्रिय सिस्टम का असर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में दिखेगा, जिससे 18 से 21 मार्च के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश, आंधी और बिजली गिरने जैसी स्थितियां बन सकती हैं. किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है. एमपी के कई जिलों में बुधवार से बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है. इससे तापमान भी गिरावट देखने को मिलेगी.

Close