विज्ञापन

लॉरेंस गैंग के न‍िशाने पर MP के कारोबारी! गौरव जैन-संजय जैन को कॉल करके क्‍या बोला गया?

MP News: मध्य प्रदेश में कारोबारियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकीभरे कॉल आने से हड़कंप मच गया है. भोपाल और इंदौर में दो कारोबारियों से करोड़ों की रंगदारी मांगी गई है. पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है.

लॉरेंस गैंग के न‍िशाने पर MP के कारोबारी! गौरव जैन-संजय जैन को कॉल करके क्‍या बोला गया?

मध्य प्रदेश के कारोबारी इन दिनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर आने वाली धमकियों से दहशत में हैं. इंदौर के बाद अब भोपाल में भी इसी तरह का मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कॉल किसने और कहां से किए.

भोपाल में कारोबारी गौरव जैन को धमकी

राजधानी भोपाल में 20 मार्च को कारोबारी गौरव जैन के पास कथित लॉरेंस गैंग के नाम पर कॉल आया. कोलार रोड इलाके में रहने वाले गौरव जैन को विदेशी नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई.

गौरव जैन के मुताबिक, रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. कॉल करने वालों ने खुद को लॉरेंस गैंग का शूटर बताया. शुरुआत में उन्होंने इसे फर्जी समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन 20 मार्च की सुबह करीब 10:56 बजे दूसरे नंबर से दोबारा कॉल आया, जिसमें सीधे पैसे की मांग की गई. इसके बाद गौरव जैन ने कोलार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इंदौर में संजय जैन से भी मांगी गई रंगदारी

इसी तरह का मामला इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में सामने आया है. यहां रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को भी इंटरनेशनल नंबर से कॉल कर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई.

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च की सुबह संजय जैन को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को "हेरी बॉक्सर" बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और 10 करोड़ रुपये की मांग की. संजय जैन ने कॉल आते ही फोन काट दिया और नंबर ब्लॉक कर दिया.

कॉल काटने पर बढ़ा दी रकम

फोन काटने के कुछ ही समय बाद उसी नंबर से वॉइस मैसेज भेजा गया. इसमें धमकी दी गई कि पहले 10 करोड़ रुपये मांगे गए थे, लेकिन कॉल नहीं उठाने के कारण अब 15 करोड़ रुपये देने होंगे. इसके साथ ही आरोपी ने वीडियो कॉल करने की भी कोशिश की.

परिवार की जानकारी देकर डराने की कोशिश

वॉइस मैसेज में आरोपी ने संजय जैन और उनके परिवार से जुड़ी जानकारी का जिक्र भी किया, जिससे कारोबारी और उनके परिजनों में दहशत फैल गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए संजय जैन ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल करने वाले कौन हैं और उनका वास्तविक कनेक्शन किसी गैंग से है या नहीं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close