MP Bulldozer Action After Murder: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. शौचालय हटाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ा कि पड़ोसी युवक ने बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया.
शौचालय हटाने का विवाद बना हत्या की वजह
घटना 14 अप्रैल की शाम की है. इटारसी में रहने वाले भूरा अहिरवार और उसके पड़ोसी नरेंद्र चौधरी उर्फ तोबा के बीच घर के बाहर बने बाथरूम को हटाने को लेकर विवाद हुआ. पहले कहासुनी हुई और देखते‑देखते बात खूनी संघर्ष में बदल गई. आरोप है कि नरेंद्र और उसके साथी शैलेंद्र ने भूरा पर जानलेवा हमला कर दिया.
आंखों में मिर्च डालकर किए 10 से ज्यादा वार
हमला इतना बेरहमी से किया गया कि आरोपी ने पहले भूरा की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, ताकि वह खुद को बचा न सके. इसके बाद उस पर 10 से ज्यादा बार चाकू से वार किए गए. भूरा ने जान बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घर के अंदर और बाहर फर्श पर खून ही खून फैल गया.
पुलिस ने किया त्वरित एक्शन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों नरेंद्र चौधरी और शैलेंद्र को गिरफ्तार किया और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया. दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
हत्या के बाद चला बुलडोजर
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भी सख्त कदम उठाया. आरोपी नरेंद्र चौधरी के घर के अवैध निर्माण को चिन्हित कर जेसीबी से तोड़ दिया गया. अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) इटारसी निलेश शर्मा ने बताया कि हत्या की घटना के बाद आरोपी के अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई है.
एसडीएम निलेश शर्मा के अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि इस तरह की आपराधिक घटनाओं में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और अवैध कब्जों पर कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई खौफनाक कहानी
इस पूरे घटनाक्रम की प्रत्यक्षदर्शी मृतक की भतीजी ने बताया कि उसके सामने ही आरोपियों ने पहले गाली‑गलौज की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगे. वह चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी नहीं रुके. जब वह नीचे आई तो उस पर ईंट फेंककर मार दी और कहा कि अपने चाचा को अस्पताल ले जाओ. इस हत्या और बुलडोजर कार्रवाई के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोग इसे प्रशासन का कड़ा संदेश मान रहे हैं.