पत्नी ही निकली पति की कातिल! प्रेमी के साथ रची खौफनाक साजिश, हत्या कर शव को हाईवे किनारे फेंका 

मऊगंज में पत्नी द्वारा प्रेमी के साथ पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि कंचन दहिया ने अपने प्रेमी दिनेश पटेल और उसके साथी के साथ मिलकर पति लाला उर्फ सुधीर दहिया की बेरहमी से हत्या कर शव को NH-135 किनारे फेंक दिया.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Wife Kills Husband MP: मध्य प्रदेश के मऊगंज में हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या ने रिश्तों के भरोसे को झकझोर दिया. आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची, उसे बेरहमी से मार डाला और पहचान छिपाने के लिए शव को NH-135 के किनारे फेंक दिया. पुलिस ने तफ्तीश में परत-दर-परत सच खोला तो कहानी और भी खौफनाक निकलकर सामने आई. गिरफ्तार आरोपियों में पत्नी, उसका प्रेमी और साथ देने वाले शामिल हैं, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है.

क्या है पूरा मामला? 

30 दिसंबर की दरमियानी रात NH-135 पर ग्राम डगड़ौवा के पास 35–40 वर्ष के एक युवक का शव मिला. सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया, पीएम कराया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की. अगले दिन मृतक की पहचान लाला उर्फ सुधीर दहिया (35) निवासी- प्रेमनगर, थाना कोतवाली, जिला सतना के रूप में हुई. मऊगंज थाने में अपराध क्रमांक 876/25, धाराएं 103(1), 238(1), 61, 249 BNS के तहत अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू हुई.

कैसे पुलिस के हाथ आया सुराग?

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पत्नी कंचन दहिया से पूछताछ की. उसके जवाबों में लगातार विरोधाभास और टालमटोल देखकर संदेह गहराया. कड़ाई से पूछताछ हुई तो हत्या की साजिश और शामिल लोगों के नाम सामने आ गए. यहीं से पूरे केस की कड़ियां जुड़ने लगीं और पुलिस आगे बढ़ी.

कैसे रची हत्या की साजिश?

लाला उर्फ सुधीर दहिया पेशे से एम्बुलेंस चालक था. आरोप है कि पत्नी कंचन दहिया ने पति को रास्ते से हटाने के लिए अपने प्रेमी गबरू उर्फ दिनेश पटेल को फोन कर मऊगंज बुलाया. इसके बाद दिनेश अपने साथी शिवम द्विवेदी उर्फ बाबा पंडित के साथ पहुंचा और दोनों ने धारदार हथियार से सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी. पहचान न हो सके, इसलिए चेहरे पर भी कई घाव किए गए. वारदात के बाद शव को राष्ट्रीय राजमार्ग 135 के किनारे फेंक कर आरोपी फरार हो गए.

Advertisement

दोस्त के घर छिपे तो खुला राज

हत्या के बाद आरोपी अपने परिचित संजना सिंह निवासी बहुती, थाना नईगढ़ी के घर जाकर छिपे. पुलिस को घर में आरोपियों के ठहरे होने और उन्हें पनाह दिए जाने के साक्ष्य मिले. इसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ी. पहले चरण में पुलिस ने कंचन दहिया और संजना सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और बाकी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी.

तकनीकी साक्ष्य से बड़ी पकड़ और कबूलनामा

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शिवम द्विवेदी उर्फ बाबा पंडित पिता बसंतलाल द्विवेदी (24), निवासी करछना, जिला प्रयागराज, थाना—हनुमाननगर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने 29.12.2025 को अपने साथी गबरू उर्फ दिनेश पटेल के साथ मिलकर लाला दहिया की हत्या करने की बात कबूल की. आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े अहम साक्ष्य भी पुलिस ने बरामद किए. इस बीच दो मुख्य आरोपियों गबरू उर्फ़ दिनेश पटेल और शिवम उर्फ बाबा पंडित को दिल्ली से गिरफ्तार किया, जबकि कुल तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है. एक मुख्य आरोपी गबरू उर्फ दिनेश पटेल की तलाश जारी है.

Advertisement

पूछताछ में सामने आई एक और हत्या

जांच के दौरान शिवम द्विवेदी उर्फ़ बाबा पंडित ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया. उसने बताया कि अक्टूबर 2025 में वह अपने साथी गबरू उर्फ़ दिनेश पटेल के साथ इंदौर के किशनगंज थाना क्षेत्र, राऊ हाईवे टोल के पास अनिल नेगी नाम के रिटायर्ड फौजी की हत्या में भी शामिल था. आरोप है कि हत्या के बाद शव को जला कर रोड किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया. मऊगंज पुलिस ने इस मामले में किशनगंज थाना पुलिस से संपर्क कर जानकारी साझा की है.