विज्ञापन

चोर के कंधों पर झूमे TI! जन्मदिन की पार्टी पड़ी भारी, मुरैना में थाना प्रभारी सस्पेंड

मध्‍य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला को अपराधियों के साथ जन्मदिन मनाने और वायरल वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है.

चोर के कंधों पर झूमे TI! जन्मदिन की पार्टी पड़ी भारी, मुरैना में थाना प्रभारी सस्पेंड

मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक थाना प्रभारी को थाना परिसर में आयोजित अपने जन्मदिन समारोह के दौरान चोरी के आरोपी के कंधों पर बैठकर नाचने के मामले में निलंबित कर दिया गया है. एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि इस घटना का वीडियो उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद यह कार्रवाई की गई. 

उन्होंने बताया कि जौरा थाने के थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन समारोह 28 फरवरी की रात करीब नौ बजे थाना परिसर में आयोजित किया गया था. उन्होंने बताया कि समारोह में केक काटा गया, मालाएं पहनाई गईं और बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे.

उन्होंने बताया कि समारोह में मुरैना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का चोरी का आरोपी लवकुश शर्मा भी मौजूद था, जिसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी के कई मामले दर्ज हैं.

एक वीडियो में शर्मा शुक्ला को अपने कंधों पर बैठाकर नाचता हुआ दिखाई दे रहा है, वीडियो में अन्य पुलिसकर्मी भी उनके पीछे नाचते नजर आ रहे हैं.

मुरैना सिटी कोतवाली थाने के अभिलेखों के अनुसार, शर्मा को गत 12 जून को मोटरसाइकिल चोरी के 13 मामलों में गिरफ्तार किया गया था. सूत्रों ने बताया कि उस पर बिजली विभाग के एक सहायक अभियंता तथा अन्य कर्मचारियों से मारपीट का भी आरोप है.

बचाव में शुक्ला ने कहा कि समारोह में काफी संख्या में लोग आए थे और उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि कौन-कौन उपस्थित था. उन्होंने यह भी दावा किया कि जिसने उन्हें कंधों पर उठाया, वह पुलिस का मुखबिर है, और उसने कुछ मामलों में सूचना दी है.

मुरैना के पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने कहा कि शुक्ला का आचरण पुलिस मैनुअल के विपरीत है. उन्होंने कहा, ‘‘शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.''

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close